1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद ने खेली ताबड़तोड़ 168 रनों की पारी, लगाए 6 छक्के और 19 चौके

वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद ने खेली ताबड़तोड़ 168 रनों की पारी, लगाए 6 छक्के और 19 चौके

वैभव सूर्यवंशी का एक तरफ जहां सभी फैंस इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं तो वहीं उनके छोटे भाई आशीर्वाद अपने खेल से सुर्खियां बटोर रहे हैं, जिसमें उन्होंने समस्तीपुर में खेले गए एक प्रैक्टिस मैच में 168 रनों की ताबड़तोड़ शतकीय पारी खेली है।

वैभव सूर्यवंशी के...- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/VAIBHAV SOORYAVANSHI वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद

वर्ल्ड क्रिकेट में मौजूदा समय किसी एक प्लेयर को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा का माहौल देखने को मिल रहा है तो वह 15 साल के युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं जिनके इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का इंतजार काफी बेसब्री से किया जा रहा है। वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में जगह मिली है। वहीं वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद भी अपने बल्ले का कमाल दिखा रहे हैं जिनकी उम्र अभी सिर्फ 10 साल है और उन्होंने समस्तीपुर में खेले गए एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में बल्ले से जबरदस्त ताबड़तोड़ शतकीय पारी खेलते हुए 168 रन बनाए हैं। वैभव ने अपने छोटे भाई की इस बेहतरीन पारी की उनको बधाई देने के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर स्टोरी भी शेयर की है।

आशीर्वाद ने 119 गेंदों में लगाए 19 चौके और छह छक्के

वैभव सूर्यवंशी ने अपने छोटे भाई आशीर्वाद के मुकाबले का स्कोरकार्ड शेयर करने के साथ उनकी फोटो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी में शेयर किया है। इस मैच को लेकर बात की जाए तो यह ऋषभ-11 और रौशन-11 की टीम के बीच में था, जिसमें ऋषभ-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 7 विकेट पर 311 का स्कोर बनाया था। ऋषभ 11 को इस बड़े स्कोर तक पहुंचाने में आशीर्वाद ने बल्ले से अहम भूमिका अदा की जिसमें उन्होंने 119 गेंदों का सामना करने के साथ 19 चौके और 6 छक्के लगाते हुए 168 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। इस दौरान आशीर्वाद सूर्यवंशी का स्ट्राइक रेट 141.18 का रहा। इस मैच से कुछ दिन पहले भी आशीर्वाद ने एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में शतकीय पारी खेली थी जिसमें उन्होंने 87 गेंदों का सामना करते हुए 20 चौके और एक छक्के के दम पर 103 रन बनाए थे।

अब वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें

भारतीय टीम का हिस्सा बन चुके वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल क्रिकेट में अब सभी को डेब्यू का इंतजार है, जिसमें ऐसी उम्मीद की जा रही है कि आयरलैंड के खिलाफ 26 जून से होने वाली 2 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में उन्हें खेलने का मौका मिल सकता है। दोनों टीमों के बीच में ये मैच बेलफास्ट के स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 में किस खिलाड़ी की जगह पर शामिल किया जाता है इसको लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी के लिए इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में लागू होगा स्पेशल नियम, अलग होगा बाकी खिलाड़ियों से चेंजिंग रूम

जसप्रीत बुमराह की बादशाहत पर मंडराया खतरा, न्यूजीलैंड के गेंदबाज ने 36 साल बाद रच दिया इतिहास

Latest Cricket News