Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी को भारत का इस वक्त का सबसे उभरता हुआ सितारा माना जा रहा है। वे खूब रन भी बना रहे हैं, लेकिन कुछ अहम मौकों पर उनका बल्ला दगा दे जाता है। अंडर 19 एशिया कप 2025 के सेमीफाइनल में श्रीलंका के खिलाफ भी ऐसा ही हुआ। उन्होंने एक तेज, लेकिन काफी छोटी पारी खेली। जब वे आउट हुए, उस वक्त टीम इंडिया संकट में थी।
बारिश के कारण 20 ओवर का कर दिया गया अंडर 19 एशिया कप का सेमीफाइनल
अंडर 19 एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत और श्रीलंका की युवा टीमें आमने सामने हैं। वैसे तो ये टूर्नामेंट 50 ओवर का है, लेकिन बारिश के कारण मैच को छोटा कर दिया गया। मैच भारतीय समय अनुसार सुबह साढ़े दस बजे से शुरू होना था। लेकिन बारिश और उसके बाद मैदान गीला होने की वजह से मैच समय से शुरू नहीं हो पाया। करीब साढ़े तीन बजे मैच शुरू हुआ तो उसे 20 ओवर का कर दिया गया।
श्रीलंका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए 138 रन
इस बीच जब मुकाबला शुरू हुआ तो भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी के लिए बुला लिया। श्रीलंकाई टीम ज्यादा रन तो नहीं बना सकी, लेकिन टीम इंडिया भी शुरुआत में ही गच्चा खा गई। श्रीलंका ने पूरे 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 138 रन ही बनाए। भारत को जीत के लिए 139 रन बनाने थे। ये स्कोर कोई बड़ा नहीं था, लेकिन पहले कप्तान आयुष म्हात्रे सस्ते में आउट हुए और फिर वैभव सूर्यवंशी भी चलते बने।
आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी सस्ते में आउट
टीम इंडिया की सलामी जोड़ी के तौर पर कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी मैदान में उतरे। हालांकि आयुष म्हात्रे जल्दी आउट हो गए। वे आठ बॉल पर केवल सात ही रन बना सके। आयुष म्हात्रे जब आउट हुए तब दूसरा ही ओवर चला रहा था और टीम के केवल सात ही रन बने थे। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने कुछ आकर्षक स्ट्रोक खेले और लगा कि उनका बल्ला आज फिर रंग जमा सकता है, लेकिन तभी वे आउट हो गए। उन्होंने छह बॉल पर केवल 9 रन बनाए, इसमें दो चौके शामिल रहे।
वैभव के आउट होने से टीम इंडिया पर आया संकट
वैभव सूर्यवंशी जब आउट हुए, तब भारत का स्कोर 25 ही रन हुआ था और चौथा ओवर चल रहा था। रन चेज बड़ा नहीं था, लेकिन फिर भी जल्दी विकेट गिरने से भारतीय टीम पर संकट के बादल मंडरान लगे थे। इसके बाद एरॉन जार्ज और विहान ने मोर्चा संभाला और टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचने की कोशिश की।
पाकिस्तान के भी खिलाफ नहीं चला था वैभव का बल्ला
इससे पहले अंडर 19 एशिया कप में ही वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ 171 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। लेकिन इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ वे केवल पांच रन बनाकर आउट हो गए। मलेशिया के खिलाफ फिर से वैभव ने 50 रनों की पारी खेली थी। वैभव के बल्ले से बीच बीच में रन बन रहे हैं, लेकिन सेमीफाइनल जैसे अहम मुकाबले में उनका रन ना बनाना चिंता में डालता है।
यह भी पढ़ें
साउथ अफ्रीका के बाद किसके खिलाफ खेलेगा भारत, ये है टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल
टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम का हो गया ऐलान, इस खिलाड़ी को सौंपी कमान
Latest Cricket News