A
Hindi News खेल क्रिकेट विराट कोहली 63 रन बनाते ही करेंगे बड़ा कारनामा, एक साथ दो दिग्गजों को छोड़ देंगे पीछे

विराट कोहली 63 रन बनाते ही करेंगे बड़ा कारनामा, एक साथ दो दिग्गजों को छोड़ देंगे पीछे

टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस वक्त शानदार लय में चल रहे हैं। उन्होंने पिछले पांच वनडे में लगातार 50 प्लस रनों की पारी खेली है। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है।

Virat Kohli- India TV Hindi Image Source : PTI विराट कोहली

टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में 93 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। हालांकि इस मैच में वह शतक लगाने से चूक गए थे। ऐसे में जब वह 14 जनवरी को दूसरा वनडे मैच खेलने के लिए उतरेंगे तब फैंस को फिर उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। इस बीच दूसरे वनडे मैच के दौरान विराट कोहली के पास एक बड़ा कारनामा करने का मौका होगा। वह इस मैच में लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रिकी पोंटिंग और गॉर्डन ग्रीनिज को पीछे छोड़ सकते हैं।

विराट कोहली और रिकी पोंटिंग के बीच है सिर्फ 63 रनों का अंतर

लिस्ट-ए क्रिकेट में वनडे और घरेलू वनडे मैचों के रिकॉर्ड शामिल होते हैं और कोहली को इस पोंटिंग से आगे निकलने के लिए 63 रनों की जरूरत है। इस वक्त कोहली और पोंटिंग के बीच सिर्फ 63 रनों का अंतर है। कोहली अभी जिस तरह के फॉर्म से गुजर रहे हैं उसको देखकर ऐसा लग रहा है कि वह आसानी से पोंटिंग को पीछे छोड़ देंगे। न्यूजीलैंड से पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के तीनों मैच में विराट ने 50+ रनों की पारियां खेली थी।

लिस्ट ए क्रिकेट में कैसा है विराट कोहली का रिकॉर्ड?

कोहली अब तक 345 लिस्ट-ए मैच खेल चुके हैं। वहां उन्होंने 332 पारियों में 57.80 के औसत से 16300 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 58 शतक दर्ज हैं। वहीं रिकी पोंटिंग ने अपने करियर में 456 लिस्ट ए मैचों की 445 पारियों में 41.74 की औसत से 16363 रन बनाए थे, जिसमें उनके बल्ले से 34 शतक निकले थे। पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ने से पहले कोहली वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी गॉर्डन ग्रीनिज (16349 रन) को पीछे छोड़ेंगे। इसके बाद उनका अगला बड़ा लक्ष्य महान विवियन रिचर्ड्स के 16995 रनों का आंकड़ा होगा। इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए कोहली को थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।

पहले वनडे में रहा था टीम इंडिया का दबदबा

पहले वनडे मैच में भारत ने 301 रन के टारगेट को 4 विकेट रहते हासिल कर लिया था। उस रन चेज में टीम इंडिया की तरफ से विराट कोहली की भूमिका काफी अहम रही थी। अब दूसरे मैच में भी फैंस की नजरें एक बार फिर रोहित शर्मा और शुभमन गिल पर रहेंगी। पहले वनडे में इन दोनों बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली थी लेकिन इसे वो बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए थे। अब उनके बल्ले से इस मैच में एक बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। टीम इस मैच में जीत दर्ज करके सीरीज सील करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।

यह भी पढ़ें

विराट कोहली के निशाने पर एक और रिकॉर्ड, वीरेंद्र सहवाग और रिकी पोंटिंग एक साथ छूट जाएंगे पीछे

IND vs NZ: बल्लेबाज या गेंदबाज राजकोट की पिच पर किसका रहेगा बोलबाला, पढ़ें Pitch रिपोर्ट

Latest Cricket News