A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली का धमाकेदार अर्धशतक, रोहित शर्मा का कीर्तिमान हो गया ध्वस्त

विराट कोहली का धमाकेदार अर्धशतक, रोहित शर्मा का कीर्तिमान हो गया ध्वस्त

IPL 2026 में विराट कोहली ने एक बार फिर कमाल कर दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़ते हुए विराट ने रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।

Virat Kohli- India TV Hindi
Image Source : AFP विराट कोहली

Virat Kohli: लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हुए विराट कोहली ने आखिरकार बल्ले से ऐसा जवाब दिया, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि रिकॉर्ड्स उनके पीछे-पीछे चलते हैं। IPL 2026 के 57वें मैच में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़ते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने 32 गेंदों पर पचासा जड़ा। KKR के खिलाफ पिछले 5 मैचों में यह उनके बल्ले से आया चौथा अर्धशतक है। 

कोहली ने जड़ा सीजन का चौथा अर्धशतक

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में विराट कोहली ने सीजन का अपना चौथा अर्धशतक लगाया। खास बात यह रही कि लगातार दो गोल्डन डक के बाद जब उन्होंने इस मैच में अपना पहला रन बनाया, तो उन्होंने अलग अंदाज में जश्न मनाकर ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया। विराट पिछले दो मुकाबलों में लगातार शून्य पर आउट हुए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा। लेकिन KKR के खिलाफ उन्होंने शानदार वापसी करते हुए एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अब विराट कोहली IPL इतिहास में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने रोहित शर्मा का कीर्तिमान ध्वस्त करते हुए यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।

KKR के खिलाफ IPL में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज

  • 9 - विराट कोहली
  • 8 - रोहित शर्मा
  • 8 - डेविड वार्नर
  • 8 - सुरेश रैना
  • 7 - शिखर धवन

RCB को जीत के लिए मिला 193 रनों का लक्ष्य

इससे पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 192 रन बनाए। टीम के लिए युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने शानदार 71 रन की पारी खेली। उन्होंने 46 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं रिंकू सिंह ने नाबाद 49 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। रघुवंशी ने कैमरन ग्रीन के साथ 68 रन और रिंकू सिंह के साथ नाबाद 76 रन की साझेदारी की। रिंकू ने अंत के ओवरों में तेजी से रन बटोरे और KKR को 190 के पार पहुंचा दिया। RCB की ओर से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम को एक-एक विकेट मिला।

यह भी पढ़ें:

विराट कोहली ने रचा कीर्तिमान, धोनी और रोहित छूट गए पीछे, अब निशाने पर ऐतिहासिक आंकड़ा

10000 से ज्यादा रन बनाने वाले दिग्गज इंग्लिश क्रिकेटर ने किया रिटायरमेंट का ऐलान, भारत के खिलाफ हुआ था डेब्यू

Latest Cricket News