10 हजार से ज्यादा रन, 350+ विकेट और करीब दो दशक लंबा शानदार करियर। इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर लियाम डॉसन ने आखिरकार रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। 36 साल के डॉसन ने तत्काल प्रभाव से रेड-बॉल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया, जिससे इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट में एक शानदार अध्याय का अंत हो गया। हैम्पशायर काउंटी क्रिकेट क्लब के लिए लंबे समय तक खेलने वाले डॉसन अब सिर्फ व्हाइट-बॉल क्रिकेट में नजर आएंगे। उन्होंने साफ कहा कि यह फैसला उन्होंने अपने सीमित ओवरों के करियर को लंबा करने के लिए लिया है।
रिटायरमेंट को लेकर जारी किया बयान
डॉसन ने 13 मई को बयान जारी करते हुए अपने संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने अपने बयान में कहा कि उन्होंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने का फैंसला किया है। यह एक ऐसा फैसला है जिसे उन्होंने हल्के में नहीं लिया है, लेकिन उन्हें लगता है कि व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अपने करियर को लंबा करने के फायदे के लिए अब सही समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात पर बेहद गर्व है कि वह हैम्पशायर के लिए 200 से ज्यादा मैच खेले हैं और इन सालों में कई खिलाड़ियों के साथ उनकी कुछ बेहतरीन यादें जुड़ी हैं। वह हैम्पशायर के लिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलने और हमारी अब तक की सफलता को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। डॉसन ने 2014 में हैम्पशायर को डिवीजन टू से प्रमोशन दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई थी। तब से टीम लगातार 11 साल तक डिवीजन वन में बनी हुई है।
भारत के खिलाफ किया था डेब्यू
लियाम डॉसन ने हैम्पशायर के लिए 211 फर्स्ट-क्लास मैच खेले और इस दौरान 10000 से ज्यादा रन बनाने के साथ 380 विकेट भी अपने नाम किए। उन्होंने अपने करियर में 18 शतक भी लगाए। यह आंकड़े बताते हैं कि पिछले कई सालों से वह टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। डॉसन ने इंग्लैंड के लिए भी चार टेस्ट मैच खेले। खास बात यह रही कि उन्होंने भारत दौरे पर अपने टेस्ट डेब्यू में नाबाद 66 रन की शानदार पारी खेली थी। हालांकि इसके बाद वह लंबे समय तक टेस्ट टीम से बाहर रहे, लेकिन पिछले साल आठ साल बाद उनकी इंग्लैंड टेस्ट टीम में वापसी हुई थी।
द हंड्रेड में लेंगे हिस्सा
2024 डॉसन के करियर का सबसे यादगार साल साबित हुआ। उन्हें पेशेवर क्रिकेटर्स संघ पुरस्कार में मेन्स प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया। इसके अलावा उन्होंने ओवरऑल डोमेस्टिक एमवीपी और काउंटी चैंपियनशिप प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी जीता। हालांकि, 2026 सीजन की शुरुआत में हैम्पशायर के लिए चार काउंटी चैम्पियनशिप मैच खेलने के बाद डॉसन को ज्यादा सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने रेड-बॉल क्रिकेट छोड़ने का फैसला किया। डॉसन अब हैम्पशायर के लिए ब्लास्ट और वनडे कप में खेलते रहेंगे। साथ ही वह मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की ओर से द हंड्रेड में भी हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि वह आने वाले समय में इंग्लैंड के लिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भी अपनी सेवाएं जारी रख सकते हैं।
यह भी पढ़ें:
IND vs AFG: टीम इंडिया का ऐलान जल्द होगा, जसप्रीत बुमराह को लेकर सस्पेंस अभी जारी