आईपीएल 2026 के सीजन में विराट कोहली का लीग स्टेज में बल्ले से जबरदस्त फॉर्म देखने को मिला है, जिसमें वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम को प्लेऑफ में भी पहुंचाने में कामयाब रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लीग स्टेज के आखिरी मैच में विराट कोहली से सभी को बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह सिर्फ 15 रन ही बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि इससे पहले कोहली ने एक ऐसा कारनामा किया जिसके दम पर टी20 क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड उन्होंने अपने नाम कर लिया। अब विराट कोहली टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा बार 50 या उससे अधिक रनों की साझेदारी करने के मामले में पहले नंबर पर काबिज हो गए हैं।
विराट कोहली ने एलेक्स हेल्स के रिकॉर्ड को किया ध्वस्त
टी20 क्रिकेट में अब तक एक से एक शानदार रिकॉर्ड बनते और टूटते हुए देखने को मिले हैं, जिसमें कोहली के नाम पर भी कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। विराट कोहली ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में वेंकटेश अय्यर के साथ पहले विकेट के लिए जैसे ही 50 रनों की साझेदारी को पूरा किया उसी के साथ वह टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा बार एक खिलाड़ी के रूप में 50 प्लस रनों की साझेदारी का हिस्सा रहने वाली खिलाड़ी बन गए। विराट कोहली की यह टी20 क्रिकेट में 211वीं 50 प्लस रनों की साझेदारी थी, जिसमें उन्होंने इंग्लैंड के खिलाड़ी एलेक्स हेल्स को पीछे छोड़ा जिनके नाम पर 210 फिफ्टी प्लस रनों की साझेदारी का हिस्सा रहने रिकॉर्ड इससे पहले दर्ज था।
टी20 में सबसे अधिक बार 50 प्लस रनों की साझेदारी का हिस्सा रहने वाली खिलाड़ी
- विराट कोहली (भारत) - 211
- एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड) - 210
- डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) - 200
- बाबर आजम (पाकिस्तान) - 196
- क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - 191
ऑरेंज कैप की रेस में अभी कोहली 7वें नंबर पर
विराट कोहली आईपीएल 2026 के सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में अभी 7वें नंबर पर हैं, जिसमें उन्होंने 14 मैचों में 50.63 के बेहतरीन औसत के साथ 557 रन बनाए हैं। इस सीजन कोहली के बल्ले से एक शतकीय और चार अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिली हैं। कोहली के पास प्लेऑफ में एक बड़ा कीर्तिमान रचने का भी मौका रहेगा जिसमें यदि वह 43 रन और बना लेते हैं तो आईपीएल इतिहास में लगातार चार सीजन में 600 या उससे अधिक रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
ये भी पढ़ें
अभिषेक, ईशान और क्लासेन ने मिलकर किया बड़ा कारनामा, SRH इस मामले में बन गई IPL इतिहास की सिर्फ दूसरी टीम
KKR को प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों से पहले लगा बड़ा झटका, IPL 2026 से बाहर हुआ अहम खिलाड़ी
Latest Cricket News