1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली ने मैदान पर उतरते ही किया बड़ा कारनामा, छोड़ दिया सौरव गांगुली को पीछे

विराट कोहली ने मैदान पर उतरते ही किया बड़ा कारनामा, छोड़ दिया सौरव गांगुली को पीछे

IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला वडोदरा के स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें विराट कोहली ने मैदान पर उतरने के साथ एक बड़ा कारनामा किया है।

Virat Kohli- India TV Hindi
Image Source : AP विराट कोहली

भारत और न्यूजीलैंड के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच वडोदरा के स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के साथ पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में तीन बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, जिसमें कप्तान शुभमन गिल के साथ श्रेयस अय्यर और मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है। वहीं विराट कोहली जिनके प्रदर्शन पर एकबार फिर से सभी की नजरें हैं उन्होंने मैदान पर उतरने के साथ एक और बड़ा कारनामा किया है।

कोहली ने सौरव गांगुली को छोड़ा पीछे

विराट कोहली जिनका साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में बल्ले से कमाल का प्रदर्शन देखने को मिला था, उनसे इस सीरीज में उसी फॉर्म को जारी रखने की सभी को उम्मीद है। वहीं विराट कोहली जब न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में मैदान पर फील्डिंग करने उतरे तो उसी के साथ वह भारत के लिए वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में 5वें नंबर पर पहुंच गए। कोहली ने इस लिस्ट में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ने का काम किया जिन्होंने वनडे फॉर्मेट में कुल 308 मैच खेले थे, वहीं कोहली का ये 309वां मैच है। अब कोहली इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी, राहुल द्रविड़ और मोहम्मद अजहरुद्दीन से पीछे हैं।

भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी

  • सचिन तेंदुलकर - 463 मैच
  • एमएस धोनी - 347 मैच
  • राहुल द्रविड़ - 340 मैच
  • मोहम्मद अजहरुद्दीन - 334 मैच
  • विराट कोहली - 309 मैच

कोहली के पास पोंटिंग और सहवाग को पीछे छोड़ने का मौका

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में अब तक विराट कोहली का बल्ले से काफी बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें यदि वह इस सीरीज में एक शतक और लगाने में कामयाब होते हैं तो वह कीवी टीम के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतकीय पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। विराट कोहली ने अभी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 6 शतक लगाए हैं और संयुक्त रूप से पहले नंबर पर रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग के साथ काबिज हैं, ऐसे में एक शतक और लगाते ही कोहली इन दोनों ही दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ देंगे।

ये भी पढ़ें

मेग लैनिंग ने WPL रचा इतिहास, इस मामले में तोड़ दिया एलिस पेरी का बड़ा रिकॉर्ड

DC की विकेटकीपर ने विकेट के पीछे दिखाई गजब की फुर्ती, नहीं देखा होगा आपने ऐसा कैच, देखें VIDEO

Latest Cricket News