ENG vs WI: वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड का काम किया तमाम, नेपाल के लिए भी सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीद जगी
ENG vs WI: वेस्टइंडीज की टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेले गए मुकाबले को 30 रनों से अपने नाम करने के साथ सुपर-8 में पहुंचने की राह काफी आसान कर ली है। वहीं इंग्लैंड की टीम को मिली इस हार से उनका नेट रनरेट काफी खराब हो गया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 11 फरवरी का दिन काफी रोमांचक रहा जिसमें दो बड़े मुकाबले खेले गए और दोनों के परिणाम पर सभी की नजरें टिकी हुई थी। साउथ अफ्रीका ने जहां डबल सुपर ओवर के मैच में अफगानिस्तान को मात देने के साथ सुपर-8 के लिए अपनी जगह जहां पक्की कर ली है। वहीं वेस्टइंडीज की टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच को 30 रनों से जीतने के साथ सुपर-8 में पहुंचने का रास्ता आसान कर लिया है। वहीं इंग्लैंड को इस मैच में मिली हार के चलते उनके लिए आगे की राह थोड़ी कठिन जरूर हो गई है, जिसमें इंग्लैंड की हार से नेपाल के लिए भी सुपर-8 में जाने का रास्ता खुल गया है। इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में 197 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 19 ओवर्स में 166 रन बनाकर सिमट गई
वेस्टइंडीज जीत में रदरफोर्ड ने बल्ले से तो मोती-चेज ने गेंद से दिखाया कमाल
इंग्लैंड की टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ इस अहम मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद विंडीज टीम 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 196 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही। विंडीज टीम को इस बड़े स्कोर तक पहुंचाने में शेरफेन रदरफोर्ड ने अहम भूमिका अदा की, जिसमें उनके बल्ले से 42 गेंदों में नाबाद 76 रनों की पारी देखने को मिली, इसके अलावा जेसन होल्डर ने 33 तो वहीं रोस्टन चेज के बल्ले से 34 रनों की पारी देखने को मिली। इसके बाद जब इंग्लैंड की टीम टारगेट का पीछा करने उतरी तो फिल सॉल्ट और जोस बटलर की जोड़ी ने तेज खेलना शुरू किया। हालांकि इंग्लैंड ने अपना पहला विकेट 38 के स्कोर पर फिल सॉल्ट के रूप में गंवा दिया।
यहां से बटलर और बेथेल के बीच दूसरे विकेट के लिए 36 रनों की साझेदारी देखने को मिली, जिसके बाद इंग्लैंड टीम के लगातार अंतराल में विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला। वेस्टइंडीज टीम की इस मुकाबले में वापसी कराने में अहम भूमिका उनके दो स्पिन गेंदबाज गुडाकेश मोती और रोस्टन चेज ने निभाई। मोती ने जहां इस मैच में अपने चार ओवर्स में 33 रन देने के साथ तीन विकेट हासिल किए तो वहीं रोस्टन चेज ने 4 ओवर्स में 29 रन देने के साथ 2 विकेट अपने नाम किए। वहीं रोमारियो शेफर्ड, अकील हुसैन और शमर जोसेफ 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।
इंग्लैंड को हार से नेट रनरेट में हुआ नुकसान, अब नेपाल पर सभी की नजरें
वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली 30 रनों से हार के चलते इंग्लैंड की टीम का नेट रनरेट भी काफी खराब हो गया है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-सी की प्वाइंट्स टेबल को देखा जाए तो वेस्टइंडीज की टीम के अब जहां 2 मैचों में चार अंक हैं तो वहीं उनका नेट रनरेट 1.625 का हो गया है। दूसरे नंबर पर स्कॉटलैंड की टीम है जिनके 2 मैचों में एक जीत और एक हार के साथ दो अंक हैं और नेट रनरेट 0.950 का है। इंग्लैंड की टीम तीसरे नंबर पर दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ है और उनका नेट रनरेट -0.650 का है। चौथे नंबर पर नेपाल की टीम है, जिनके लिए सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीद जग गई है, जिसमें उनके लिए अगले तीन मुकाबले काफी अहम रहने वाले हैं। नेपाल का नेट रनरेट अभी -0.200 का है। वहीं उन्हें अपना अगला मैच 12 फरवरी को इटली की टीम के खिलाफ खेलना है जो इस ग्रुप की प्वाइंट्स टेबल में अंतिम पायदान पर है।
ये भी पढ़ें
टी20 में इस गेंदबाज ने पार किया 400 विकेट का आंकड़ा, हारिस रऊफ के रिकॉर्ड को भी किया चकनाचूर
