भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। अब ये दोनों खिलाड़ी सिर्फ वनडे फॉर्मेट और आईपीएल में खेलते हुए नजर आते हैं। विराट और रोहित दोनों ही इस वक्त आईपीएल 2026 की तैयारियों में व्यस्त है। लेकिन फैंस के मन में एक सवाल ये है कि ये दोनों दिग्गज अब टीम इंडिया के लिए खेलते हुए कब दिखेंगे। आपको बता दें कि बीसीसीआई ने हाल ही में टीम इंडिया के 2026-27 के घरेलू सत्र का ऐलान किया है। इस दौरान भारतीय टीम कुल 22 मैच खेलेगी, जिसमें से 9 वनडे मैच रहेंगे।
कब टीम इंडिया की जर्सी में दिखेंगे विराट और रोहित?
2026-27 में टीम इंडिया को वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और श्रीलंका के खिलाफ 3-3 मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इस सीरीज का क्रिकेट फैंस बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे हैं क्योंकि वहां उन्हें रोहित और विराट को खेलते हुए देखने का मौका मिल सकता है। इस वनडे सीरीज के जरिए टीम इंडिया 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी करेगी। विराट और रोहित अब इस साल सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जाने वाले वनडे सीरीज में खेलते हुए दिख सकते हैं। इस सीरीज की शुरुआत 27 सितंबर से होगी।
अगले घरेलू सत्र में किन टीमों के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी टीम इंडिया?
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के मुकाबले तिरुवनंतपुरम (27 सितंबर), गुवाहाटी (30 सितंबर) और न्यू चंडीगढ़ (03 अक्टूबर) में खेले जाएंगे। इसके बाद भारत दिसंबर में श्रीलंका की मेजबानी करेगा, जिसमें तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के वनडे मैच दिल्ली (13 दिसंबर), बेंगलुरु (16 दिसंबर) और अहमदाबाद (19 दिसंबर) में खेले जाएंगे। वहीं जिम्बाब्वे जनवरी 2027 में तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगा। इस सीरीज के मैच कोलकाता (03 जनवरी), हैदराबाद (06 जनवरी) और मुंबई (09 जनवरी) में खेले होंगे। इन सभी मैचों में विराट और रोहित के खेलने की संभावना है।
ODI वर्ल्ड कप की तैयारी करेंगे विराट और रोहित?
वनडे वर्ल्ड कप 2027 साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा। इन 9 वनडे मैचों के जरिए भारतीय टीम इस वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारियों को और पुख्ता करना चाहेगी। विराट और रोहित अभी जिस तरह के फॉर्म में हैं उसे देखकर फिलहाल ये पक्का लग रहा है कि दोनों ही आगामी वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा होंगे। अब देखना ये होगा कि इस साल खेले जाने वाले वनडे सीरीज में इन दोनों दिग्गजों का प्रदर्शन कैसा रहता है।
यह भी पढ़ें:
साल 2002 के बाद पहली बार भारत का दौरा करेगी टीम, खेले जाएंगे 3 मुकाबले
ODI World Cup 2027 से पहले टीम इंडिया कितने वनडे मैच खेलेगी, BCCI ने जारी कर दिया पूरा शेड्यूल
Latest Cricket News