1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वुमेंस T20 वर्ल्ड कप फाइनल में कंगारुओं के आगे फिर पस्त होगी इंग्लिश टीम? 3 बार मिल चुकी है मात

वुमेंस T20 वर्ल्ड कप फाइनल में कंगारुओं के आगे फिर पस्त होगी इंग्लिश टीम? 3 बार मिल चुकी है मात

लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर रविवार को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच खेला जाएगा। दोनों ही टीमें इस मैच को जीतकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करना चाहेगी।

ENG vs SA- India TV Hindi
Image Source : X@ICC इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया

ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमों का प्रदर्शन इस वर्ल्ड कप में काफी अच्छा रहा है। ऑस्ट्रेलिया अपने सभी मैच जीतकर फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही। ऐसा ही कुछ हाल इंग्लैंड का भी रहा है। उनकी टीम भी इस वर्ल्ड कप में अभी तक एक भी मुकाबला नहीं हारी है। हालांकि खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया से पार नहीं पा पाती है और इस बात की गवाही खुद आंकड़े भी दे रहे हैं।

टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में तीन बार इंग्लैंड को हरा चुकी है ऑस्ट्रेलियाई टीम

वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें चौथी बार एक-दूसरे के सामने होंगी। इससे पहले, दोनों टीमें इस टूर्नामेंट के फाइनल में तीन बार आमने-सामने हो चुकी हैं और तीनों ही बार ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की है। ऑस्ट्रेलिया ने सबसे पहले साल 2012 के फाइनल में इंग्लैंड को हराया था। इसके बाद साल 2014 के फाइनल मैच में भी ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया था। फिर साल 2018 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भी ऑस्ट्रेलिया ने ही इंग्लैंड को हराकर उसका चैंपियन बनने का सपना तोड़ दिया था। इस तरह ऑस्ट्रेलिया अब तक 3 बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को हरा चुकी है। आज खेले जाने वाले फाइनल में भी ऑस्ट्रेलिया से पार पाना इंग्लैंड के लिए आसान नहीं होगा।

टी20 वर्ल्ड कप में कैसा है दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड

टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 7 मैच खेले गए हैं। इनमें से ऑस्ट्रेलिया ने 4 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि इंग्लैंड को सिर्फ दो मैचों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच एक मैच बिना किसी नतीजे के खत्म हुआ था। भले ही ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी दिख रहा हो, लेकिन अपने घर में इंग्लैंड का रिकॉर्ड बहुत शानदार है। इंग्लैंड की टीम टी20 वर्ल्ड कप में अपने देश में अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। उन्होंने अपनी धरती पर कुल 11 मैच खेले हैं और उन सभी मैचों में जीत हासिल की है। ऐसे में इस फाइनल में भी दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

यह भी पढ़ें:

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया का हुआ बुरा हाल, जीत के लिए तरसे चैंपियन

रेड बॉल से मैदान पर लौटे जसप्रीत बुमराह, इंग्लैंड और श्रीलंका दौरे के लिए शुरू की खास तैयारी

Latest Cricket News