भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड और श्रीलंका दौरे की तैयारियां तेज कर दी हैं। उन्होंने रेड बॉल के साथ अभ्यास शुरू कर दिया है और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर अपने फैंस को संकेत दिया कि अब उनका पूरा फोकस रेड-बॉल क्रिकेट पर है। इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज और उसके बाद श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मुकाबलों से पहले बुमराह का यह कदम भारतीय टीम के लिए राहत भरी खबर माना जा रहा है।
बुमराह वापसी के लिए तैयार
बुमराह को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज से आराम दिया गया था ताकि उनका वर्कलोड मैनेज किया जा सके। हालांकि, 14 जुलाई से शुरू होने वाली इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स के लिए भी वह भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
गौरतलब है कि बुमराह ने घरेलू मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट में हिस्सा नहीं लिया था, क्योंकि वह मुकाबला ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC का हिस्सा नहीं था। हाल ही में संपन्न ICC T20 वर्ल्ड कप में बुमराह भारत की खिताबी जीत के सबसे बड़े नायकों में रहे। उन्होंने 8 पारियों में 14 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में जगह बनाई। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 12.42 और इकॉनमी रेट 6.21 रहा। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 15 रन देकर चार विकेट झटके थे, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
श्रीलंका दौरे पर खेले जाएंगे 2 टेस्ट
इस बीच, BCCI ने श्रीलंका दौरे के कार्यक्रम का भी ऐलान कर दिया है। भारत 15 से 27 अगस्त के बीच श्रीलंका में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा। पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा। दोनों टेस्ट भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होंगे। यह सीरीज भारत के ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अभियान का अहम हिस्सा होगी।
इसके बाद भारत नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगा, जहां टीम वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च में दो टेस्ट मैच खेलेगी। वहीं, 21 जनवरी से 3 मार्च 2026 तक घरेलू मैदान पर खेली जाने वाली पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के साथ भारत का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र समाप्त होगा। अब तक मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में भारत ने इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबर की है। घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज को 2-0 से हराया है, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर में 0-2 से सीरीज गंवाई है। ऐसे में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज भारत के लिए पॉइंट्स टेबल के लिहाज से बेहद अहम रहने वाली हैं।
यह भी पढ़ें:
टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया का हुआ बुरा हाल, जीत के लिए तरसे चैंपियन