आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में ऐसी दो टीमों का आमना-सामना होगा जिनका इस टूर्नामेंट में मैदान पर एकतरफा प्रदर्शन देखने को मिला है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने जहां अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर खत्म करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई थी तो वहीं उन्होंने फाइनल का भी सफर आसानी से तय कर लिया। अब दोनों टीमों का आमना-सामना 5 जुलाई को लॉर्ड्स के मैदान पर खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में होगा जिसमें ये मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से खेला जाएगा। वहीं इस मैच को भारतीय फैंस फ्री में डीडी स्पोर्ट्स के चैनल पर देख सकते हैं।
कब-कहां और कैसे देखें इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल मुकाबला
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम के बीच में खेले जाने वाले आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में टॉस भारतीय समयानुसार शाम 7:30 पर होगा। वहीं मुकाबले की शुरुआत रात 8 बजे होगी। इस मैच को भारतीय फैंस टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं तो वहीं मैच की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार की ऐप पर किया जाएगा। इसके अलावा इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच में खेला जाने वाले फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर भी किया जाएगा जहां फैंस आसानी से फ्री में इस मुकाबले को देख सकते हैं।
अब तक दोनों टीमों के बीच में दिखी है कड़ी टक्कर
टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम के बीच में अब तक काफी कड़ी टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमों के बीच में इस फॉर्मेट में खेले गए कुल 45 मुकाबलों में से जहां ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने 23 मैचों को अपने नाम किया है तो वहीं इंग्लैंड की महिला टीम ने 21 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि एक मुकाबला रद्द रहा है। वहीं इंग्लैंड महिला टीम का अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड देखा जाए तो वह काफी शानदार रहा है, जिसमें 17 मैचों में से उन्होंने 11 में जीत दर्ज की है तो वहीं सिर्फ 6 मुकाबलों में ही हार का सामना करना पड़ा है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने अब तक खेले गए 9 महिला टी20 वर्ल्ड कप में से 5 को अपने नाम किया है तो वहीं इंग्लैंड महिला टीम एकबार अपने नाम करने में कामयाब हो सकी है।
ये भी पढ़ें
पाकिस्तान टेस्ट टीम में हुआ बड़ा फेरबदल, शान मसूद से छिनी टेस्ट की कप्तानी, बाबर को फिर मिली कमान