1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WPL 2027 के शेड्यूल का ऐलान, 14 जनवरी से होगा आगाज, 2 वेन्यू पर खेले जाएंगे कुल 22 मैच

WPL 2027 के शेड्यूल का ऐलान, 14 जनवरी से होगा आगाज, 2 वेन्यू पर खेले जाएंगे कुल 22 मैच

वूमेन्स प्रीमियर लीग 2027 के शेड्यूल की घोषणा कर दी गई है। टूर्नामेंट का अगले साल 14 जनवरी को आगाज होगा। 2 शहरों में कुल 22 मैचों का आयोजन होगा।

WPL 2027- India TV Hindi
Image Source : AFP रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

वूमेन्स प्रीमियर लीग यानी WPL के अगले सीजन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। BCCI ने WPL 2027 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। WPL टूर्नामेंट का पांचवां सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक खेला जाएगा। इस बार खिताब के लिए पांच टीमें दो शहरों में अपनी चुनौती पेश करेंगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले वडोदरा और मुंबई में आयोजित किए जाएंगे। दोनों शहरों को 11-11 मैचों की मेजबानी मिली है। बता दें, हाल ही में WPL 2027 के ऑक्शन का कोच्चि में आयोजन हुआ था।

RCB और मुंबई इंडियंस के बीच होगा पहला मुकाबला

WPL 2027 का आगाज 14 जनवरी को वडोदरा में होगा। पहले ही मुकाबले में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी RCB का सामना पूर्व चैंपियन मुंबई इंडियंस यानी MI से होगा। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला सीजन की शुरुआत को खास बनाएगा। वडोदरा में टूर्नामेंट का पहला चरण 14 से 24 जनवरी तक खेला जाएगा। इस दौरान कुल 11 मुकाबले होंगे, जिसमें पांचों टीमें खिताब की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने उतरेंगी। इसके बाद टूर्नामेंट का कारवां मुंबई पहुंचेगा।

मुंबई में होंगे आखिरी 11 मुकाबले

वडोदरा में पहला चरण समाप्त होने के बाद 26 जनवरी से मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में बाकी के मुकाबले खेले जाएंगे। यहां लीग चरण के मैच 3 फरवरी तक जारी रहेंगे। इसके बाद प्लेऑफ की जंग शुरू होगी। प्वाइंट्स टेबल में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच 5 फरवरी को एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में जगह बनाएगी। वहीं, लीग चरण में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली टीम को सीधे फाइनल में पहुंचने का मौका मिलेगा।

7 फरवरी को खेला जाएगा खिताबी मुकाबला

WPL 2027 का फाइनल 7 फरवरी, रविवार को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में आयोजित होगा। इस तरह पांचवें सीजन के चैंपियन का फैसला मुंबई में होगा। BCCI के शेड्यूल के मुताबिक, प्लेऑफ समेत टूर्नामेंट के सभी 22 मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होंगे। पांच टीमों के बीच होने वाली इस प्रतियोगिता में एक बार फिर महिला क्रिकेट के सितारों के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। नए सीजन में RCB बतौर डिफेंडिंग चैंपियन अपना खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी।

यह भी पढ़ें:

रोहित शर्मा की फील्डिंग के कायल हुए कप्तान शुभमन गिल, रन-आउट को बताया मैच का टर्निंग पॉइंट

विराट कोहली ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड, ODI में रन चेज के बने बादशाह

Latest Cricket News