1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WTC अंक तालिका में भयंकर उठापटक, न्यूजीलैंड को बिना खेले फायदा, साउथ अफ्रीकी टीम तीसरे नंबर पर पहुंची

WTC अंक तालिका में भयंकर उठापटक, न्यूजीलैंड को बिना खेले फायदा, साउथ अफ्रीकी टीम तीसरे नंबर पर पहुंची

ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर पहला टेस्ट मैच अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में भी बदलाव आ गया है।

एडन मारक्रम- India TV Hindi
Image Source : AP एडन मारक्रम

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एक बार फिर से अपनी बादशाहत साबित कर दी है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में बढ़त बना ली है। मैच के आखिरी दिन एडन मारक्रम ने काफी देर तक संघर्ष किया और टीम की हार टालने की काफी कोशिश की, लेकिन वे कामयाब नहीं हो पाए। इसके साथ ही आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में भी उठापटक हुई है। साउथ अफ्रीका को नुकसान हुआ है, वहीं न्यूजीलैंड की टीम बिना खेले ही एक पायदान आगे निकल गई है। ऑस्ट्रेलिया का पहले नंबर पर कब्जा बना हुआ है। 

ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली पारी में मैट रेनशॉ ने बनाए शानदार 190 रन

सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 390 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जो कुछ कम नजर आ रहा था। इस पारी में मैट रेनशॉ ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 190 रनों की पारी खेली। बाकी कोई बल्लेबाज अर्धशतक भी नहीं जमा पाया। मैट रेनशॉ की बदौलत ही टीम इतने स्कोर तक पहुंच पाई। इसके बाद साउथ अफ्रीकी टीम ने 284 रन बनाए। टीम के लिए सबसे बड़ी पारी डेविड बेडिंगहम ने खेली, जो 49 रन बना पाए। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया को पहली ही पारी के आधार पर बढ़त मिल गई थी, जो बाद में निर्णायक भी साबित हुई। 

एडन मारक्रम ने खेली 75 रनों की जुझारू पारी

ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 314 रन बनाए और पारी घोषित कर दी। इसके बाद साउथ अफ्रीका के सामने 421 रनों का बड़ा टारगेट था, जिसे हासिल करना आसान काम नहीं था। टीम अपनी आखिरी पारी में केवल 206 रन ही बना सकी और मैच को 214 रनों के बड़े अंतर से हार गई। टीम के लिए एडन मारक्रम ने 75 रनों की जुझारू पारी खेली, वे आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। 

आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में भी बदलाव

इस बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका की बात करें तो ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले नंबर पर काबिज है, इसे मैच से पहले तक उसका पीसीटी 80 का था, जो इस जीत के बाद बढ़कर 81.82 का हो गया है। वहीं साउथ अफ्रीका का पीसीटी 75 का था, जो अब घटकर 60 का ही रह गया है। इससे टीम अब दूसरे से हटकर सीधे तीसरे नंबर पर चली गई है। इस बीच 72.22 के पीसीटी के साथ न्यूजीलैंड की टीम एक स्थान के उछाल के साथ सीधे दूसरे नंबर पर पहुंचने में कामयाब हो गई है। 

यह भी पढ़ें 

अफगानिस्तान के सेदिकुल्लाह अटल ने तो कमाल ही कर दिया, पहले ही टेस्ट शतक में रच दिया इतिहास

केएल राहुल का ​बल्ला पूरी तरह खामोश, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले नहीं बने रन

Latest Cricket News