1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अफगानिस्तान के सेदिकुल्लाह अटल ने तो कमाल ही कर दिया, पहले ही टेस्ट शतक में रच दिया इतिहास

अफगानिस्तान के सेदिकुल्लाह अटल ने तो कमाल ही कर दिया, पहले ही टेस्ट शतक में रच दिया इतिहास

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Oct 13, 2026 03:59 pm IST,  Updated : Oct 13, 2026 03:59 pm IST

सेदिकुल्लाह अटल अफगानिस्तान के पहले ऐसे ​बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने टेस्ट की चौथी पारी में शतक लगाया है। अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच टेस्ट मैच खेला जा रहा है।

sediqullah atal- India TV Hindi
सेदिकुल्लाह अटल Image Source : AP

इस वक्त अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इसमें एक ही मुकाबला है। मैच में अफगानिस्तान के सेदिकुल्लाह अटल ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा किया। ये उनका टेस्ट क्रिकेट में पहला शतक है, लेकिन अब ये सेंचुरी अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई है। हालांकि इसके बाद भी टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। 

पहली पारी के आधार पर मिल गई बांग्लादेश क्रिकेट टीम को बढ़त

अफगानिस्तान के सेदिकुल्लाह अटल ने बांग्लादेश के खिलाफ खेलते हुए अपना पहला टेस्ट शतक लगाया। वे अब अफगानिस्तान के पहले और अकेले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने टेस्ट की चौथी पारी में शतक लगाने में कामयाबी हासिल की है। बांग्लादेशी टीम जब मैच में बल्लेबाजी के लिए उतरी तो 346 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। अफगानिस्तान ने अपनी पहली पारी में 240 ही रन बनाए। इसमें कप्तान रहमत शाह जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 216 बॉल पर 105 रनों की नाबाद पारी खेली। इस तरह से पहली पारी में ही बांग्लादेश को लीड मिल गई थी। 

बांग्लादेश के लिए लिटन दास ने जड़ा शतक

बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में सात विकेट पर 372 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इस बार लिटन दास ने शतकीय पारी खेली। इसके बाद अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए बड़ा लक्ष्य था। इस बीच सलामी बल्लेबाज अब्दुल मलिक केवल दो रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, लेकिन सेदिकुल्लाह अटल ने शानदार बैटिंग का मुजायरा पेश किया और अपना पहला शतक लगा दिया। 

अभी तीसरा ही टेस्ट खेल रहे हैं सेदिकुल्लाह अटल

सेदिकुल्लाह अटल अफगानिस्तान के युवा और नए खिलाड़ी हैं, वे केवल 25 साल के हैं। इस मैच से पहले तक अटल ने दो मैच खेलकर केवल 62 ही रन बनाए थे, लेकिन इस मैच में कमाल की बल्लेबाजी कर अफगानिस्तान के लिए अपना नाम इतिहास में दर्ज कराने में कामयाबी हासिल की है। इस बीच मैच की बात करें तो ये ड्रॉ होते हुए दिख रहा है। ये अटल की बल्लेबाजी ही रही कि टीम मैच हार नहीं रही है, नहीं तो बाकी बल्लेबाज टीम के लिए कुछ खास नहीं कर सके। 

यह भी पढ़ें 

केएल राहुल का ​बल्ला पूरी तरह खामोश, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले नहीं बने रन

शुभमन गिल ने रचा इतिहास, अभिषेक शर्मा को पछाड़कर जीता आईसीसी का बड़ा अवार्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।