A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. युजवेंद्र चहल का फ्लाइट में ई-सिगरेट पीते VIDEO आया सामने, सभी की सुरक्षा को खतरे में डाला; मचा बवाल

युजवेंद्र चहल का फ्लाइट में ई-सिगरेट पीते VIDEO आया सामने, सभी की सुरक्षा को खतरे में डाला; मचा बवाल

आईपीएल 2026 के सीजन में पंजाब किंग्स की तरफ से खेल रहे भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह फ्लाइट के अंदर ई-सिगरेट पीते हुए नजर आए हैं।

युजवेंद्र चहल- India TV Hindi
Image Source : X/SCREENGRAB/@VIJAY2038575 युजवेंद्र चहल

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में कई ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिसमें खिलाड़ी लगातार प्रोटोकॉल से जुड़े नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। हाल में ही राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान रियान पराग का ड्रेसिंग रूम के अंदर ई-सिगरेट पीते वीडियो सामने आया था, जिसके बाद बीसीसीआई इस घटना को लेकर कड़ा कदम उठाया था। वहीं अभी ये मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की तरफ से खेल रहे लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का भी एक वीडियो सामने आने के बाद बवाल मच गया है, जिसमें वह फ्लाइट के अंदर ई-सिगरेट पीते हुए दिखाई दिए हैं।

फ्लाइट के अंदर धूम्रपान या ई-सिगरेट का इस्तेमाल है बैन

पंजाब किंग्स टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह जब फ्लाइट के अंदर अपने एक साथी खिलाड़ी से बात कर रहे थे, तो उसी दौरान पीछे सीट में युजवेंद्र चहल उनके साथ शशांक सिंह बैठे हुए थे। इस वीडियो में चहल को एहसास नहीं हुआ कि वह रिकॉर्ड हो रहे हैं और उनका ई-सिगरेट पीते वीडियो आ गया। हालांकि ये वीडियो पोस्ट होने के बाद ही गलती का एहसास होने पर उसे हटा दिया गया, लेकिन उससे पहले कई यूजर्स ने वीडियो को डाउनलोड कर लिया था जिसके चलते अब सोशल मीडिया पर अलग-अलग हैंडल्स से इसे पोस्ट कर दिया गया है। यूजर्स इस वीडियो को लेकर चहल की जमकर आलोचना भी कर रहे हैं।

फ्लाइट के अंदर ई-सिगरेट पीने के मामले में युजवेंद्र चहल ने DGCA के नियमों का भी उल्लंघन किया है, क्योंकि इसका विमान के अंदर इस्तेमाल करने पर ना सिर्फ बैन बल्कि ऐसा करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। फ्लाइट के अंदर किसी भी यात्री को ई-सिगरेट या वेप लेकर जाना या उसका प्रयोग करना मना है क्योंकि इससे आग लगने का खतरा बना रहता है जिससे बाकी यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है। अब चहल का ये वीडियो सामने आने के बाद यदि उनकी कोई आधिकारिक शिकायत होती है तो इसपर DGCA क्या कदम उठाता है उसको लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं।

बीसीसीआई के कदम पर भी रहेगी सभी की नजरें

राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान रियान पराग का जब ड्रेसिंग रूम के अंदर वेपिंग करते हुए वीडियो सामने आया था तो उसके बाद बीसीसीआई ने उनकी मैच फीस का 25 फीसदी फाइन लगाने के साथ एक डिमेरिट प्वाइंट भी उनके खाते में जोड़ा था। वहीं इसी के साथ उन्होंने बाकी खिलाड़ियों को भी सख्त चेतावनी जारी की थी। अब युजवेंद्र चहल का ई-सिगरेट पीते हुए वीडियो सामने आने के बाद सभी की नजरें बीसीसीआई को लेकर हैं कि वह क्या कदम उठाती है।

ये भी पढ़ें

पंजाब किंग्स की हार का कौन है विलेन, मैदान पर कर दिया टीम का बेड़ा गर्क

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाएगी तीन वनडे मैचों की सीरीज, ये रहा पूरा शेड्यूल

Latest Cricket News