पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल की शुरुआत में जीत के रथ पर सवार थी। लेकिन अचानक ना जाने उसे किसकी नजर लगी और टीम लगातार हारती चली जा रही है। टीम अब बैक टू बैक तीन मैच हारकर अंक तालिका में भी दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। इस बीच हार का जिम्मेदार या यूं कहें कि विलेन कौन है, ये जानने की कोशिश की जाए तो वे एक ही खिलाड़ी निकलकर सामने आता है। पहले तो उस खिलाड़ी ने मैदान पर कैच टपकाया और फिर जब रन बनाने की बारी आई तो सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गया। हम बात कर रहे हैं शशांक सिंह की।
शशांक सिंह ने टपका दिया हेनरिक क्लासेन का आसान सा कैच
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स मुकाबले में आठ ओवर का खेल हो चुका था। एसआरएच की टीम दो विकेट पर 92 रन बना चुकी थी। पारी का नौवां ओवर कप्तान श्रेयस अय्यर ने युजवेंद्र चहल को सौंपा। इस ओवर की पहली ही बॉल पर हेनरिक क्लासेन ने धमाकेदार छक्का ठोका। अगली ही बॉल पर वे सिंगल लेकर दूसरे छोर पर चले गए। उधर तीसरी बॉल पर ईशान किशन ने भी एक रन लिया और फिर से हेनरिक क्लासेन स्ट्राइक पर आ गए। ओवर की चौथी बॉल पर फिर से क्लासेन ने बड़ा स्ट्रोक खेलने की कोशिश की, लेकिन लगा कि चहल ने उन्हें फंसा लिया है। बॉल डीप बैकवर्ड स्क्वायरलेग की ओर गई। वहां पर शशांक सिंह खड़े थे। उनके लिए ये आसान कैच था, लेकिन उन्होंने उसे टपका दिया। श्रेयस अय्यर से लेकर चहल तक जिसने भी ये नजारा देखा, उसे यकीन नहीं हुआ कि इतना हलुआ कैच शशांक ने छोड़ दिया है।
लगातार कैच छोड़ रहे हैं शशांक सिंह
ऐसा नहीं है कि शशांक ने पहली बार ऐसा किया हो, इससे पहले भी वे लगातार आसान से कैच टपकाते रहे हैं। शशांक इस सीजन बहुत खराब कैचिंग फॉर्म में रहे हैं। इतना ही नहीं चूंकि शशांक बाउंड्री के बेहद करीब खड़े थे और कैच टपका दिया, इसलिए बॉल बाउंड्री के बाहर भी चली गई और चार रन भी हो गए।
जीवदान मिलने के बाद और भी ज्यादा आक्रामक हो गए क्लासेन
हेनरिक क्लासेन का ये मौका जब शशांक को आउट करने का मिला, जब हेनरिक क्लासेन केवल 9 रन बनाकर खेल रहे थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी की। क्लासेन जब आउट हुए तब तक 43 बॉल पर 69 रनों की जबरदस्त पारी खेल चुके थे। उन्होंने तीन चौके और चार छक्के लगाए। वो क्लासेन की पारी ही थी, जिसकी वजह से सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 235 रन ही बना सकी। अगर वे कैच पकड़ा गया होता तो शायद इतना बड़ा स्कोर नहीं बनता।
तीन बॉल पर चार रन बनाकर आउट हो गए शशांक
इसके बाद शशांक से उम्मीद थी कि टीम इतना बड़ा स्कोर चेज कर रही है तो वे बल्लेबाजी में ही योगदान देंगे, लेकिन वे यहां भी फ्लॉप रहे। उन्हें सातवें नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिला। टीम के सामने बड़ा लक्ष्य था, लेकिन शशांक तीन बॉल पर चार रन बनाकर आउट हो गए और इसके साथ ही टीम की जीत की उम्मीद भी जाती रही। आखिर में एसआरएच ने 33 रन से ये मैच जीत लिया, यानी कहीं ना कहीं हेनरिक क्लासेन की वो पारी ही पंजाब किंग्स की जीत के आड़े आ गई।
यह भी पढ़ें
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने ठोक दिए 343 रन, दो बल्लेबाजों ने लगाए शतक, 206 रन से जीता मुकाबला
IPL Points Table: सनराइजर्स हैदराबाद की जीत से अंक तालिका में उठापटक, एक साथ दो टीमों को नुकसान