न्यूजीलैंड की टीम के लिए जिम्बाब्वे का दौरा काफी सफल रहा जिसमें उन्होंने टी20 ट्राई सीरीज में जहां ट्रॉफी अपने नाम की तो वहीं 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान टीम को मात दी। कीवी टीम की तरफ से जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में 23 साल के तेज गेंदबाज जकारी फाउलकेस को डेब्यू करने का मौका मिला था, जिसमें उन्होंने मैच में कुल 9 विकेट हासिल करने के साथ एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। जकारी फाउलकेस अब न्यूजीलैंड के लिए डेब्यू टेस्ट मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
जकारी फाउलकेस ने दूसरी पारी में खोला पंजा
बुलवायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में जकारी फाउलकेस ने पहली पारी में जहां 4 विकेट अपने नाम किए थे तो वहीं वह दूसरी पारी में पंजा खोलने में कामयाब रहे। जकारी ने दूसरी इनिंग में सिर्फ 9 ओवर्स की गेंदबाजी में 37 रन देने के साथ 5 विकेट हासिल किए। जकारी फाउलकेस ने अपने डेब्यू टेस्ट मैच में 25 ओवर्स की गेंदबाजी की जिसमें उन्होंने 3 के औसत से कुल 75 रन देने के साथ 9 विकेट अपने नाम किए। इसी के साथ वह न्यूजीलैंड के लिए डेब्यू टेस्ट मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड विलियम ओ रुर्के के नाम था जिन्होंने साल 2024 में अपना पहला टेस्ट मुकाबला खेला था जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ था। रुर्के ने उस मैच में 32.1 ओवर्स की गेंदबाजी करने के साथ कुल 93 रन दिए थे और 9 विकेट हासिल किए थे।
न्यूजीलैंड ने अपने टेस्ट इतिहास की दर्ज की सबसे बड़ी जीत
कीवी टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच को सिर्फ तीन दिनों के अंदर ही खत्म कर दिया जिसमें उन्होंने इस मैच को पारी और 359 रनों से अपने नाम किया। ये न्यूजीलैंड की उनके टेस्ट क्रिकेट इतिहास में अब तक की पारी और रनों के अंतर के मामले में सबसे बड़ी जीत है। इस मुकाबले में डीवोन कॉन्वे को जहां उनकी 153 रनों की बेहतरीन पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला तो वहीं मैट हेनरी जो इस टेस्ट सीरीज में कुल 16 विकेट हासिल करने में कामयाब रहे उन्होंने प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता।
ये भी पढ़ें
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर ऑस्ट्रेलिया ने कर दिया बड़ा ऐलान, इन दो प्लेयर्स को मिली बड़ी जिम्मेदारी
बाबर आजम ने इंटरनेशनल क्रिकेट में कर दिया कमाल, रन बनाने के मामले में इस दिग्गज को छोड़ा पीछे
Latest Cricket News