जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में पक्की की जगह, अब पहली बार भारतीय सरजमीं पर टीम इंडिया से होगा मुकाबला
जिम्बाब्वे की टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में जगह बनाने में कामयाब रही है। इस वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे की टीम अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे की टीम ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई करके इतिहास रच दिया है। सिकंदर रजा की कप्तानी में जिम्बाब्वे की टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में अगले स्टेज तक पहुंचने में कामयाब रही है। इससे पहले जिम्बाब्वे की टीम ने छह बार टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था और हर बार उनकी टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी। लेकिन इस वर्ल्ड कप में उनकी टीम एक अलग जोश के साथ आई थी और उन्होंने अगले राउंड के लिए क्वालीफाई करके सच में एक नया कीर्तिमान बना दिया है।
सुपर-8 के लिए ग्रुप 1 की तस्वीर हुई साफ
जिम्बाब्वे के सुपर-8 में पहुंचने के साथ ही अगले राउंड के लिए ग्रुप 1 की तस्वीर साफ हो गई है। सुपर-8 के लिए ग्रुप 1 में जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और भारत की टीम है। इस दौरान जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 स्टेज में टीम इंडिया का सामना करेगी। ये मुकाबला 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके साथ ही आपको बता दें कि जिम्बाब्वे की टीम पहली बार भारत में भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी। इससे पहले जिम्बाब्वे और भारत के बीच भारतीय सरजमीं पर कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला गया है।
इससे पहले हर बार ग्रुप स्टेज से बाहर हुई थी जिम्बाब्वे की टीम
जिम्बाब्वे की टीम ने सबसे पहले 2007 की टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था। वहां उनकी टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी। उस वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के कप्तान प्रोस्पर उत्सेया थे। यही हाल उनका 2010 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में भी रहा था। इसके बाद जिम्बाब्वे की टीम ने 2012, 2014 और 2016 में खेले गए वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया था। वहां भी टीम पहले स्टेज से बाहर हो गई थी। 2022 टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे की टीम सुपर 12 तक पहुंचने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हुई थी।
टीम इंडिया और जिम्बाब्वे का हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और जिम्बाब्वे के बीच भले ही भारतीय सरजमीं पर कोई मैच नहीं खेला गया हो, लेकिन दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 13 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं। जिसमें से 10 मैच में टीम इंडिया को जीत मिली है। वहीं 3 मुकाबके में जिम्बाब्वे ने बाजी मारी है। दोनों टीमों के बीच आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच साल 2024 में खेला गया था, जहां टीम इंडिया ने बाजी मारी थी।
यह भी पढ़ें
ऑस्ट्रेलिया भुगत रहा अपनी करनी का फल, अब टीम इंडिया का सुपर 8 में किससे होगा मुकाबला
टीम इंडिया कब खेलेगी T20 विश्व कप 2026 में अगला मुकाबला, ये है उसकी तारीख और वेन्यू
