Asian Games 2026 Live Updates: सेलिंग में भारत ने जीता सिल्वर मेडल, मनु-प्रिंस ने दिखाया कमाल
एशियन गेम्स 2026 में सेलिंग में भारत को अपना पहला मेडल मिला है। मनु फ्रांसिस और प्रिंस कुरिसिंकल नोबल ने पुरुषों के स्किफ इवेंट में जीता है, जिससे अब कुल मेडल की संख्या 61 हो गई है।

एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए एक अक्टूबर का दिन काफी अहम रहने वाला है, जिसमें भारत और पाकिस्तान की टीम के बीच में हॉकी के सेमीफाइनल मुकाबले में टक्कर देखने को मिलेगी। दोपहर एक बजे हॉकी के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की पुरुष टीम के बीच में सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इसके अलावा आज के दिन को लेकर बात की जाए तो उसमें आर्चरी में जहां व्यक्तिगत इवेंट में भारतीय पुरुष और महिला खिलाड़ी एक्शन में दिखाई देंगे। भारत के लिए सेलिंग के इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने में कामयाबी मिली है जो मनु फ्रांसिस और प्रिंस कुरिसिंकल नोबल ने पुरुषों के स्किफ इवेंट में जीता है, जिसके बाद मेडल टैली में अभी भारत 8वीं पोजीशन पर है, जिसमें 10 गोल्ड, 22 सिल्वर और 30 ब्रॉन्ज मेडल सहित कुल 62 पदक जीतने में कामयाबी मिली है।
हॉकी में भारतीय टीम की नजरें गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाने पर
भारतीय महिला टीम ने हॉकी के गोल्ड मेडल मैच में जहां अपनी जगह को पक्का कर लिया है तो वहीं अब पुरुष टीम की कोशिश भी ऐसा ही करने पर रहने वाली हैं। भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में सामना पाकिस्तान की टीम से होगा, जिसमें पिछले एक दशक में भारतीय टीम का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड देखा जाए तो वह काफी शानदार देखने को मिला है, जिसमें टीम इंडिया की कोशिश इस रिकॉर्ड को बरकरार रखने की होगी और फाइनल में पहुंचने के साथ मेडल भी पक्का करने पर रहने वाली हैं।
आर्चरी में व्यक्तिगत इवेंट्स में पदक की उम्मीद
अभी तक भारत का आर्चरी के टीम और मिक्स्ड इवेंट में ऐतिहासिक प्रदर्शन देखने को मिला तो वहीं अब सभी की नजरें व्यक्तिगत इवेंट को लेकर टिकी हुई हैं, जिसमें महिला तीरंदाज चिकिता ने भले ही अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला गंवा दिया लेकिन पुरुष में गणेश मनी रत्नम पर सभी की नजरें रहने वाली हैं। इसके अलावा अन्य इवेंट को लेकर बात की जाए तो उसमें स्क्वैश के सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष टीम का सामना मलेशिया की टीम से होगा। क्रिकेट में भी आज भारतीय पुरुष टीम अपना सेमीफाइनल मुकाबला श्रीलंका की टीम के खिलाफ खेलेगी।
Live updates : Asian Games 2026 Live Updates 1st October
-
October 01, 2026 10:30 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
शूटिंग में अनीश 25m रैपिड फायर पिस्टल फाइनल में पहुंचे
अनीश भनवाला ने शूटिंग में 25m रैपिड फायर पिस्टल फइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। क्वालिफिकेशन में वह कुल 576 पॉइंट्स (आखिरी सीरीज़ में सिर्फ 94 पॉइंट्स) के साथ 9वें स्थान पर रहे थे। लेकिन उन्हें एक और मौका मिल गया क्योंकि साउथ कोरिया के तीन शूटर्स टॉप 8 में थे और एक देश से सिर्फ 2 ही शूटर्स फाइनल में जा सकते हैं। तो इस एशियाई खेलों में भारत के लिए शूटिंग इवेंट में मेडल जीतने का एक आखिरी मौका होगा। यह फाइनल दोपहर 12 बजे होगा।
-
October 01, 2026 10:04 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
भारत बनाम श्रीलंका के बीच सेमीफाइनल मैच की हुई शुरुआत
एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट इवेंट का दूसरा सेमीफाइनल मैच भारत और श्रीलंका की टीम के बीच में खेला जा रहा है, जिसकी शुरुआत हो गई है। इस मैच में भारतीय टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी कर रही है, जिसमें ओपनिंग करने वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की जोड़ी मैदान पर उतरी है।
-
October 01, 2026 10:00 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
आर्चरी में पुरुषों के कंपाउंड व्यक्तिगत सेमीफाइनल में पहुंचे गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु
आर्चरी में पुरुषों के कंपाउंड व्यक्तिगत इवेंट के क्वार्टर फाइनल राउंड में भारत के गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने चाइनीज ताइपे के खिलाड़ी को 148-138 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
-
October 01, 2026 9:47 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
सेलिंग में मनु-प्रिंस ने पुरुषों के स्किफ इवेंट में सिल्वर मेडल जीता
एशियन गेम्स 2026 में भारत को सेलिंग में अपना पहला मेडल मिला है। मनु फ्रांसिस और प्रिंस कुरिसिंकल नोबल ने पुरुषों के स्किफ इवेंट में चीन के बाद सिल्वर मेडल जीता है। पिछले कुछ दिनों में हुई 9 रेस के बाद, प्रिंस और मनु ने 23 पॉइंट के साथ अपना सफर पूरा किया। उन्होंने इनमें से एक रेस जीती और कुल मिलाकर बहुत अच्छा और लगातार प्रदर्शन किया। वह चीन से पीछे रहे, जिसने गोल्ड मेडल जीता और हांगकांग से आगे रहे जिसने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
-
October 01, 2026 9:32 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
जूडो में यामिनी ने मुकाबला गंवाया
जूडो में भारत की यामिनी मौर्य को मंगोलिया की अरिउनज़ाया टेरबिश ने 'यूको' से हरा दिया। यामिनी अब रेपेचेज राउंड में पहुंच गई हैं जहां ब्रॉन्ज मेडल मैच में जगह बनाने के लिए उनका मुकाबला जापान की मियो शिराकाने से होगा। वहीं इनुंगनबी टखेलंबम ने 70kg कैटेगरी में नेपाल की पूनम श्रेष्ठ को 'इप्पोन' से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल में इनुंगनबी का मुकाबला नॉर्थ कोरिया की मुन सोंग हुई से होगा।
-
October 01, 2026 9:22 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
रेसलिंग में नितेश ने सेमीफाइनल में मंगोलिया के गंखुयाग गनबातार को हराया फाइनल में पहुंचे
रेसलिंग में नितेश सिवाच ने सेमीफाइनल में शानदार जीत हासिल की। उन्होंने हांग्झू एशियाई खेलों के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट मंगोलिया के गंखुयाग गनबातार को 9-0 से हराकर एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए पहला रेसलिंग मेडल पक्का किया। नितेश जिन्होंने इस साल की शुरुआत में एशियाई चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था आज बाद में होने वाले फाइनल में ईरान के मेहदी बलिहमज़ेहदे या जापान के यूरी नाकाज़ातो का सामना करेंगे।
-
October 01, 2026 9:21 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
स्क्वैश में महिलाओं के सेमीफाइनल में भारतीय टीम को मिली हार
स्क्वैश में महिलाओं के सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना हांगकांग की टीम से था, जिसमें पहला मैच गंवाने के बाद दूसरे मैच में जीत हासिल कर मैच को निर्णायक मुकाबले तक टीम इंडिया ने पहुंचा दिया था, लेकिन तीसरे मैच में जोशन चिनप्पा को हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ भारतीय महिला स्क्वैश टीम का सफर सेमीफाइनल मैच में हार के साथ खत्म हो गया, जिसमें उनको ब्रॉन्ज मेडल के साथ संतोष करना पड़ेगा।
-
October 01, 2026 9:21 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
रेसलिंग में मानसी को महिलाओं के 62kg सेमीफाइनल में नो नोका ओज़ाकी से मिली हार
मानसी को रेसलिंग में महिलाओं के 62kg सेमीफाइनल में जापान की नो नोका ओज़ाकी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। मानसी ने टेकडाउन के कारण शुरुआत में ही दो पॉइंट गंवा दिए थे। जापानी रेसलर ने एक मिनट बाद शानदार 'लेग टेकडाउन' और उसके बाद बेहतर पकड़ बनाकर फिर से वही कारनामा किया लेकिन मानसी ने अच्छा डिफेंस दिखाया और पॉइंट नहीं गंवाए। मैच के बीच तक भारतीय खिलाड़ी 0-4 से पीछे थीं उन्होंने ओज़ाकी को अपनी पकड़ में लेने की कोशिश भी की लेकिन पॉइंट के लिए 'टेकडाउन' पूरा नहीं कर सकीं। मानसी अब 'रेपेचेज राउंड' में हैं और आज ही ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला करेंगी।
-
October 01, 2026 8:49 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
स्क्वैश में महिलाओं की टीम के सेमीफाइनल में भारत बनाम हांगकांग
तन्वी खन्ना ने एक शानदार उलटफेर करते हुए भारत के लिए सेमीफाइनल में बराबरी कर ली है। उन्होंने एक गेम हारने के बाद वापसी करते हुए ली का यी को जो उनसे रैंकिंग में 33 स्थान ऊपर थीं उनको 3-1 (4-11, 13-11, 11-9, 13-11) से हराया। अब बारी अनुभवी जोशना चिनप्पा की है और निर्णायक मैच में सब कुछ दांव पर है।
-
October 01, 2026 8:48 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
रेसलिंग में नितेश ने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 97 किग्रा क्वार्टर फाइनल में तुर्कमेनिस्तान के अमनबेर्डी अगामामेदोव को हराया
नितेश ने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 97 किग्रा क्वार्टर फाइनल में तुर्कमेनिस्तान के अमनबेर्डी अगामामेदोव को आसानी से हरा दिया। उन्होंने पहले पीरियड में 7-0 की बढ़त बनाई और अंत में 7-1 से जीत हासिल की। सेमीफाइनल में नितेश का मुकाबला मंगोलिया के हांग्जो एशियाई खेलों के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट गंखुयाग गनबातार या साउथ कोरिया के ली मिन-हो से होगा।
-
October 01, 2026 8:15 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
रेसलिंग में मानसी ने महिलाओं के 62kg राउंड ऑफ 16 में कज़ाकिस्तान की इरिना कुजनेत्सोवा को हराया
रेसलिंग में मानसी ने महिलाओं के 62kg कैटेगिरी में कजाकिस्तान की इरिना कुज़नेत्सोवा को 6-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। मानसी ने इस साल की शुरुआत में बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज में भी कुजनेत्सोवा को हराया था। क्वार्टर फाइनल में मानसी का मुकाबला साउथ कोरिया की जो सु-बीन से होगा जिन्होंने 2024 एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल का मुकाबला खेला था।
-
October 01, 2026 8:13 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
जूडो में यामिनी मौर्य क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
जूडो में महिलाओं के 57kg कैटेगरी में यामिनी मौर्य ने कतर की फतेना बु-काहूस को 'इप्पोन' से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल में यामिनी का मुकाबला अगले एक घंटे के अंदर मंगोलिया की अरिउनज़ाया टेरबिश से होगा।
-
October 01, 2026 8:02 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
रेसलिंग में अमन ने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 77kg राउंड ऑफ 16 में मंगोलिया के बोर्गिल तुवशिनबातार को हराया
रेसलिंग में अमन ने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 77kg राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में मंगोलिया के बोर्गिल तुवशिनबातार के खिलाफ 2-6 से पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने लगातार कई रोल करके मुकाबला 8-6 से जीत लिया और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अब अमन के सामने एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि उनका मुकाबला कतर के एशियाई चैंपियन शाहीन बदाघीमोफाराद से होगा।
-
October 01, 2026 8:00 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
वॉलीबॉल में पुरुषों के क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम ने गंवाया मुकाबला
वॉलीबॉल में पुरुषों के क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम को पाकिस्तानी टीम के खिलाफ मैच में लगातार तीन सेट में सीधी हार का सामना करना पड़ा जिसमें 19-25, 23-25 और 18-25 के अंतर से उन्होंने यह मुकाबला गंवा दिया और सेमीफाइनल में पहुंचने से चूक गए।
-
October 01, 2026 7:45 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
स्क्वैश में महिला टीम का सेमीफाइनल में हांगकांग से सामना
स्क्वैश में भारतीय महिला टीम का सेमीफाइनल में सामना हांगकांग की टीम से हो रहा है, जिसमें पहले ही मैच में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला है। पहला गेम 8-7 के स्कोर पर काफी करीबी था, लेकिन अनाहत ने इसे 11-9 से जीत लिया और जीत का जश्न जोर-शोर से मनाया। दूसरा गेम 8-8 के स्कोर पर और भी करीबी था, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने लगातार 3 पॉइंट जीतकर इसे 11-8 से अपने नाम किया और मैच में 2-0 की बढ़त बना ली। लेकिन तीसरे गेम में चान ने वापसी की भारतीय खिलाड़ी थोड़ी देर के लिए पिछड़ गईं चान ने 8-4 की बढ़त बनाई और गेम 11-6 से जीत लिया। चौथे गेम में अनाहत ने अपनी लय वापस पाई और 6-3 की बढ़त बना ली। बढ़त बनाने के साथ ही वह मैच में ज़्यादा जोश में दिखीं और उनके पास 3 मैच पॉइंट थे लेकिन चान ने चालाकी से कुछ पॉइंट जीतकर स्कोर 10-10 से बराबर कर दिया। इसके बाद और ड्रामा हुआ एक और मैच पॉइंट हाथ से निकल गया और फिर चान को एक स्ट्रोक मिल गया लेकिन अनाहत इस फैसले से हैरान थीं, यह फैसला थोड़ा सख़्त लग रहा था और चान ने इसका फ़ायदा उठाकर मैच को निर्णायक गेम तक खींच लिया।
-
October 01, 2026 7:35 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
ताइक्वांडो में रूपा बायोर महिलाओं के व्यक्तिगत पूमसे सेमीफाइनल में
भारत की रूपा बायोर ताइक्वांडो के व्यक्तिगत पूमसे इवेंट से बाहर हो गई हैं। उन्होंने कुल 7.6100 (10.0 पॉइंट्स में से) स्कोर किया जिससे वह अपने सेमीफाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं। पूमसे में अकेले ही कुछ खास मूव्स या गतिविधियों का क्रम किया जाता है, जिसमें कोई असली प्रतिद्वंद्वी नहीं होता। इसमें सटीकता और प्रस्तुति के आधार पर स्कोर दिया जाता है।
-
October 01, 2026 7:34 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
भारतीय टीम को दूसरे सेट में 23-25 के अंतर से मिली हार
वॉलीबॉल में पुरुषों के क्वार्टर फाइनल में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ पहले सेट में 19-25 से हार मिलने के बाद अब दूसरे सेट में भी 23-25 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में अब भारतीय टीम के लिए करो या मरो की स्थिति वाला अगला सेट हो गया है।
-
October 01, 2026 7:14 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
दूसरे सेट में भी भारत 14-13 से आगे
वॉलीबॉल में पुरुषों के क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ पहला सेट गंवाने के बाद दूसरे सेट में अभी 14-13 से आगे चल रही है। ऐसे में टीम इंडिया को इस सेट को जीतकर मुकाबले में वापसी करने के लिए काफी बेहतर खेल दिखाना होगा।
-
October 01, 2026 6:57 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
भारतीय टीम को पहले सेट में 19-25 के अंतर से मिली हार
वॉलीबॉल में पुरुषों के क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ पहले सेट में 19-25 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। भारत ने पहले सेट की शुरुआत और आखिर के हिस्से में पाकिस्तान को कड़ी टक्कर दी, लेकिन बीच के समय में लगातार 5 पॉइंट गंवा दिए।
-
October 01, 2026 6:42 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
वॉलीबॉल में पुरुषों के क्वार्टर फाइनल में भारत बनाम पाकिस्तान का पहले गेम में स्कोर 11-11 की बराबरी पर
वॉलीबॉल में पुरुषों के क्वार्टर फाइनल में भारत बनाम पाकिस्तान की टीम के बीच में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिसमें पहले गेम में अभी स्कोर 11-11 की बराबरी पर है।
-
October 01, 2026 6:40 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
वॉलीबॉल में पुरुषों के क्वार्टर फाइनल में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला हुआ शुरू
भारत बनाम पाकिस्तान के बीच वॉलीबॉल में पुरुषों के क्वार्टर फाइनल मुकाबले की शुरुआत हो गई है। दोनों टीमों के लिए यह एक बहुत बड़ा मौका है। भारतीय टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ इस मैच में उतर रहा है, क्योंकि उन्होंने अपने पिछले ग्रुप मैच में कतर के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की थी। पाकिस्तान अपने ग्रुप में मजबूत जापान के बाद दूसरे स्थान पर रहा, लेकिन ग्रुप मैच के पहले सेट में उन्होंने जापान को थोड़ी टक्कर दी थी इसलिए भारतीयों के लिए यह मैच आसान नहीं होगा।
-
October 01, 2026 6:38 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
गोल्फ में महिलाओं के व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले का आज दूसरा दिन
गोल्फ में महिलाओं के व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले के दूसरे दिन में प्रणवी उर्स का फ्रंट नाइन शानदार रहा और उन्होंने फोर-अंडर पार का स्कोर किया और कुल एट-अंडर पार स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। लेकिन सिंगापुर की शैनन टैन जो पहले दिन एट-अंडर स्कोर के साथ आगे थीं ने बैक नाइन में सिक्स-अंडर स्कोर करके अपनी बढ़त और बढ़ा ली है। उनका मौजूदा स्कोर चौदह-अंडर पार है, जो प्रणवी से छह स्ट्रोक आगे है। अदिति अशोक अब कुल प्लस 4 स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 24वें स्थान पर हैं, जबकि दीक्षा डागर कुल प्लस 3 स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 22वें स्थान पर हैं। अभी गोल्फ के ढाई राउंड और खेले जाने बाकी हैं, इसलिए किसी को भी अभी दौड़ से बाहर नहीं माना जा सकता।
-
October 01, 2026 6:36 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
सेपकटकराव में भारत पुरुषों के क्वाड्रेंट ग्रुप में अजेय रहा
भारत ने पुरुषों के क्वाड्रेंट ग्रुप के अपने आखिरी मैच में वियतनाम को 2-0 (15-12, 15-9) से हराया और अपना अजेय रहने का सिलसिला जारी रखा। भारत ने अब तक खेले गए दोनों मैच जीते हैं और अगला मुकाबला म्यांमार से होगा। अगर वह सेमीफाइनल में जगह बना लेते हैं, तो उनका मेडल पक्का हो जाएगा।
-
October 01, 2026 6:35 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
शूटिंग में 25 मीटर रैपिड पिस्टल क्वालिफिकेशन में अनीश भनवाला
अनीश भनवाला अभी 25 मीटर रैपिड पिस्टल क्वालिफिकेशन के दूसरे स्टेज में हिस्सा ले रहे हैं। वह इस इवेंट में अकेले भारतीय हैं और फाइनल के लिए क्वालिफाई करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कल पहले स्टेज में 290 का स्कोर किया था, जिससे वह पांचवें स्थान पर रहे थे।
-
October 01, 2026 6:34 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
सेपकटकराव में पुरुषों के क्वाड्रेंट ग्रुप A में भारत का वियतनाम से मुकाबला
पुरुषों के क्वाड्रेंट ग्रुप मैच में भारत का मुकाबला वियतनाम से होगा, भारत अपना पहला मैच जीत चुका है और सेमीफाइनल में पहुंचकर मेडल पक्का करने के लिए सभी मैच जीतना चाहेगा।
-
October 01, 2026 6:31 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
आर्चरी में कंपाउंड महिला व्यक्तिगत क्वार्टर फाइनल मैच को चिकिता तनिपर्थी ने गंवाया
आर्चरी में कंपाउंड महिला व्यक्तिगत क्वार्टर फाइनल मैच में भारतीय तीरंदाज चिकिता तनिपर्थी को इंडोनेशिया की नुरिसा डियान अशरीफा के खिलाफ 144-143 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उनका सफर इस इवेंट में यहीं से खत्म भी हो गया। इसके साथ ही महिला व्यक्तिगत वर्ग में भारत का अभियान खत्म हो गया है।
-
October 01, 2026 6:29 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
आर्चरी में कंपाउंड महिला व्यक्तिगत क्वार्टर फाइनल में चिकिता तनिपर्थी
एशियन गेम्स 2026 में कल दो गोल्ड मेडल जीतने के बाद चिकिता तनिपर्थी आज फिर एक्शन में हैं, जिसमें वह कंपाउंड महिला व्यक्तिगत क्वार्टर फाइनल के इवेंट में इंडोनेशिया की नुरिसा डियान अशरीफा का सामना करेंगी और अपना तीसरा गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश करेंगी। भारत को इस इवेंट में अपना गोल्ड मेडल भी बचाना है, क्योंकि पिछली बार ज्योति सुरेखा ने इसे जीता था।