1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA World Cup 2026: जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से रौंदते हुए रचा इतिहास, ब्राजील का तोड़ दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड

FIFA World Cup 2026: जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से रौंदते हुए रचा इतिहास, ब्राजील का तोड़ दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड

जर्मनी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया। जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से रौंदते हुए बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

Germany- India TV Hindi
Image Source : AP जर्मनी

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जर्मनी ने धमाकेदार अंदाज में अपने अभियान की शुरुआत करते हुए डेब्यू कर रही कुराकाओ टीम को 7-1 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ जर्मनी ने न सिर्फ तीन पॉइंट हासिल किए, बल्कि वर्ल्ड कप इतिहास में एक ऐसा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया, जो अब तक ब्राजील के कब्जे में था। ग्रुप ई के मुकाबले में जर्मन टीम शुरुआत से ही पूरी तरह हावी नजर आई। टीम ने वही पुराना आक्रामक खेल दिखाया, जिसकी वजह से वह दुनिया की सबसे सफल फुटबॉल टीमों में गिनी जाती है। दिलचस्प बात यह रही कि जर्मनी ने एक बार फिर 7-1 का स्कोर बनाया। इस तरह 2014 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की यादें ताजा हो गईं। उस मुकाबले में भी जर्मनी ने ब्राजील को 7-1 से हराते हुए इतिहास रचा था। 

जर्मनी ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

कुराकाओ के खिलाफ सात गोल दागने के साथ ही जर्मनी फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम बन गई। अब जर्मनी के नाम वर्ल्ड कप में कुल 239 गोल हो गए हैं, जबकि ब्राजील 238 गोल के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गया है। अब जर्मनी की नजरें वर्ल्ड कप के इतिहास में 250 गोल पूरे करने पर टिकी हैं।

फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीमें

  • जर्मनी – 239
  • ब्राजील – 238
  • अर्जेंटीना – 152

इतना ही नहीं, यह चौथी बार है जब जर्मनी ने किसी वर्ल्ड कप मैच में 7 या उससे ज्यादा गोल दागे हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड हंगरी के नाम था, जिसने तीन बार ऐसा कारनामा किया था।

वर्ल्ड कप में जर्मनी के 7+ गोल वाले मैच

  • 1954 - तुर्की के खिलाफ 7-2
  • 2002 - सऊदी अरब के खिलाफ 8-0
  • 2014 - ब्राजील के खिलाफ 7-1
  • 2026 - कुराकाओ के खिलाफ 7-1

मैच में क्या हुआ?

जर्मनी ने मुकाबले की शुरुआत बेहद तेज अंदाज में की। छठे मिनट में फेलिक्स नेमेचा ने शानदार गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, 21वें मिनट में कुराकाओ ने बराबरी का गोल दागते हुए सभी को चौंका दिया। तेज काउंटर अटैक के दौरान लिवानो कोमेंसिया का शॉट डिफ्लेक्ट होकर मैनुअल नॉयर को छकाता हुआ गोल में चला गया। यह कुराकाओ के इतिहास का पहला फीफा वर्ल्ड कप गोल भी बना। लेकिन इसके बाद जर्मनी ने मैच पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया। 38वें मिनट में निको श्लॉटरबेक ने कॉर्नर पर शानदार हेडर लगाकर बढ़त वापस दिलाई। हाफ टाइम से ठीक पहले काई हैवर्ट्ज ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 3-1 कर दिया। दूसरे हाफ की शुरुआत के सिर्फ 69 सेकेंड बाद ही जमाल मुसियाला ने गोल दागकर मुकाबला लगभग खत्म कर दिया। इसके बाद नाथानियल ब्राउन, डेनिज उंडाव और काई हैवर्ट्ज ने गोलों की बरसात जारी रखी और जर्मनी ने 7-1 की ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली।

यह भी पढ़ें:

दीप्ति शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में छुआ 350 का आंकड़ा, अब नजरें झूलन गोस्वामी के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर

स्मृति और हरमनप्रीत की जोड़ी ने बनाया ऐतिहासिक कीर्तिमान, पाकिस्तान के खिलाफ की सबसे बड़ी पार्टनरशिप