1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों का विश्व खेलों में निराशाजनक प्रदर्शन, सिर्फ ऋषभ यादव ने जीता कांस्य पदक

भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों का विश्व खेलों में निराशाजनक प्रदर्शन, सिर्फ ऋषभ यादव ने जीता कांस्य पदक

विश्व खेलों में भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों का काफी खराब प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें सिर्फ ऋषभ यादव ही कांस्य पदक जीतने में कामयाब हो सके हैं। वहीं महिला तीरंदाज में कोई भी खिलाड़ी पोडियम पर खत्म करने में कामयाब नहीं हो सकी।

archery- India TV Hindi
Image Source : GETTY आर्चरी

भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों का चीन में चल रहे विश्व खेलों में काफी खराब प्रदर्शन देखने को मिला है। ऋषभ यादव के कांस्य पदक को छोड़कर भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों के लिए विश्व खेलों में 9 अगस्त का दिन काफी निराशाजनक रहा जिसमें शीर्ष वरीयता प्राप्त मिक्सड टीम शुरुआती दौर में ही हार गई। ऋषभ जो कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहे उन्हें सेमीफाइनल में अमेरिकी खिलाड़ी कर्टिस ली ब्रॉडनेक्स से हार का सामना करना पड़ा।

ऋषभ ने कांस्य पदक मैच में 149-147 के अंतर से दर्ज की जीत

विश्व खेलों में व्यक्तिगत कंपाउंड में ऋषभ यादव को सेमीफाइनल मैच में कर्टिस ली ब्रॉडनेक्स से 145-147 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं ऋषभ यादव ने कांस्य पदक 149-147 के अंतर से अपने नाम किया जिसमें उन्होंने अपने सीनियर साथी खिलाड़ी अभिषेक वर्मा से बेहतर प्रदर्शन किया। अभिषेक को सेमीफाइनल मैच में नीदरलैंड के शीर्ष वरीयता प्राप्त माइक श्लोएसर से 145-148 के अंतर से हार मिली थी।

महिला व्यक्तिगत में क्वार्टर फाइनल से खत्म हुई चुनौती

भारतीय दल को सबसे बड़ी निराशा मिक्सड कंपाउंड इवेंट में मिली जिसमें क्वालीफिकेशन राउंड में शीर्ष पर रहने के बाद अभिषेक वर्मा और मधुरा धामनगांवकर की जोड़ी पहले ही दौर में अपनी चिर-प्रतिद्वंद्वी दक्षिण कोरिया से हार गई। भारतीय जोड़ी को मून यिउन और ली यून्हो से 151-154 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय जोड़ी का सफर भी खत्म हो गया। वहीं महिला व्यक्तिगत इवेंट में भी क्वार्टर फाइनल में जाकर चुनौती खत्म हो गई। मिक्स्ड स्पर्धा का यह परिणाम विशेष रूप से काफी चिंता वाला है क्योंकि 8 टीमों के ड्रॉ में पदक हासिल करने के लिए केवल दो में जीत की जरूरत थी। बता दें कि मिक्स्ड कंपाउंड टीम इवेंट लास एंजिल्स में होने वाले साल 2028 के ओलंपिक में पहली बार आयोजित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें

आयरलैंड की इस महिला क्रिकेटर ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, पाकिस्तान को दूसरे T20I में मिली करारी हार

हसन नवाज डेब्यू मैच में ही बन गए हीरो, 6 साल बाद हुआ पाकिस्तान के वनडे क्रिकेट में ऐसा करिश्मा