Hasan Nawaz: पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला वनडे 8 अगस्त को ब्रायन लारा स्टेडियम तरोबा में खेला गया। इस मैच को पाकिस्तान ने 5 विकेट से अपने नाम किया। टीम के लिए असली हीरो हसन नवाज रहे, उन्होंने डेब्यू मैच में ही शानदार 64 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम की जीत में अपना अहम योगदान दिया। आपको बता दें कि पाकिस्तान की वनडे क्रिकेट में छह साल बाद ऐसा हुआ है जहां किसी खिलाड़ी ने वनडे डेब्यू पर फिफ्टी प्लस रनों की पारी खेली हो। उनसे पहले आबिद अली ने 2019 में अपने डेब्यू मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाया था।
शाई होप की कप्तानी पारी गई बेकार
पाकिस्तान ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। सलामी बल्लेबाज ब्रेंडन किंग 4 रन बनाकर पहले ही ओवर में आउट हो गए। इसके बाद केसी कार्टी और एविन लुइस के बीच दूसरे विकेट के लिए 77 रन की पार्टनरशिप हुई। विंडीज कप्तान शाई होप ने इस मैच में 55 रन बनाए। उनके अलावा रोस्टन चेज ने भी 54 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेली। अंत में गुडाकेश मोती ने 18 गेंदों पर 31 रन बनाकर टीम को 280 के स्कोर तक पहुंचाया। विंडीज टीम 49 ओवर में ऑलआउट हो गई। टीम के लिए एविन लुइस ने सबसे ज्यादा 62 गेंदों पर 60 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट के लिए। वहीं नसीम शाह को तीन सफलताएं मिली।
हसन नवाज और मोहम्मद रिजवान ने दिलाई पाकिस्तान को जीत
281 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। सैम अयूब 12 गेंदों पर 5 रन बनाकर चलते बने। अब्दुल्लाह शफीक को इस मैच में अच्छी शुरुआत मिली लेकिन वह इसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए। उन्होंने 33 गेंदों में 29 रन बनाए। पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 69 गेंदों में 53 रन बनाए। वहीं बाबर आजम अर्धशतक लगाने से चूक गए और 47 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान के जीत के हीरो हसन नवाज रहे, उन्होंने अपने डेब्यू मैच में अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को शानदार जीत दिलाई। वहीं हुसैन तलत ने भी 37 गेंदों पर 41 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। नवाज 63 रन बनाकर नाबाद लौटे। पाकिस्तान ने इस टारगेट को 48.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।
यह भी पढ़ें
नैट सीवर ब्रंट ने रचा इतिहास, द हंड्रेड टूर्नामेंट में ऐसा करिश्मा करने वाली बनीं पहली खिलाड़ी
159 रनों की पारी खेलकर इस खिलाड़ी ने खटखटाया वापसी का दरवाजा, ऋतुराज गायकवाड़ की जगह मिला था मौका