लक्ष्य सेन ने ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल में बनाई जगह, सेमीफाइनल में कनाडा के खिलाड़ी को दी मात
स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले में कनाडा के खिलाड़ी विक्टर लाई के खिलाफ तीन सेटों तक चले मैच को 2-1 से अपने नाम करने के साथ फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है।
इंग्लैंड के बर्मिंघम में खेले जा रहे जा रहे ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में भारतीय स्टार खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने सेमीफाइनल मुकाबले में कनाडा के खिलाड़ी के खिलाफ अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए तीन सेट तक चले इस मैच को 2-1 से अपने नाम करने में कामयाब रहे। इसी के साथ लक्ष्य सेन अपने करियर में दूसरी बार ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने हैं, जिसमें इससे पहले सिर्फ प्रकाश पादुकोण ही 2 बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने में कामयाब हो सके थे।
डेढ़ घंटे तक दोनों के बीच दिखा रोमांचक खेल, लक्ष्य ने आखिरी सेट में मारी बाजी
लक्ष्य सेन और कनाडा के 24 साल के खिलाड़ी विक्टर लाई के बीच ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले को लेकर बात की जाए तो इसके पहले सेट को लक्ष्य ने 21-16 के अंतर से अपने नाम किया था। इसके बाद विक्टर लाई ने दूसरे सेट में शानदार तरीके से वापसी करने के साथ 18-21 से उसे अपने नाम करने के साथ मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया था। ऐसे में तीसरा सेट पर सभी की नजरें टिक गई थी। इस सेट में लक्ष्य सेन ने विक्टर लाई को वापसी का मौका नहीं दिया और 21-15 के अंतर से इसे अपने नाम करने के साथ डेढ़ घंटे तक चले इस मुकाबले को खत्म किया और फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया।
फाइनल में अब चीनी ताइपे के लिन चुन-यी से होगा मुकाबला
ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में पुरुष सिंगल इवेंट का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें लक्ष्य सेन का सामना खिताबी मैच में चीनी ताइपे के खिलाड़ी लिन चुन-यी से होगा, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी कुलवुत वितिदसर्न को मात देते हुए सभी को चौंका दिया। ऐसे में इस फाइनल मैच में सभी की नजरें रहने वाली हैं, जिसमें दोनों खिलाड़ियों के बीच में कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। वहीं लक्ष्य सेन के पास अब इस खिताब को जीतकर खुद का नाम दिग्गजों की लिस्ट में शामिल कराने का भी मौका रहेगा। अभी तक सिर्फ 2 भारतीय ही ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप का खिताब जीतने में कामयाब हो सके हैं, जिसमें प्रकाश पादुकोण ने साल 1980 और उसके बाद पुलेला गोपीचंद ने साल 2001 में जीता था। ऐसे में लक्ष्य यदि इस खिताब को जीतते हैं तो तीसरे भारतीय बन जाएंगे।
ये भी पढ़ें
