1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सर्वेश कुशारे ने डायमंड लीग डेब्यू में रचा इतिहास, पोडियम फिनिश करने वाले बने पहले भारतीय हाई जम्पर एथलीट

सर्वेश कुशारे ने डायमंड लीग डेब्यू में रचा इतिहास, पोडियम फिनिश करने वाले बने पहले भारतीय हाई जम्पर एथलीट

भारतीय हाई जम्पर एथलीट सर्वेश कुशारे ने मोनाको में डायमंड लीग में डेब्यू करते हुए इतिहास रच दिया है जिसमें उन्होंने तीसरा स्थान हासिल करते हुए पोडियम पर फिनिश करने वाले पहले भारतीय हाई जम्पर एथलीट बन गए हैं।

Sarvesh Kushare- India TV Hindi
Image Source : AFP सर्वेश कुशारे

भारतीय हाई जम्पर एथलीट सर्वेश कुशारे का मोनाको डायमंड लीग में ऐतिहासिक प्रदर्शन देखने को मिला है। सर्वेश कुशारे ने डायमंड लीग में डेब्यू करते हुए हाई जम्प इवेंट में तीसरे स्थान पर रहते हुए पोडियम पर फिनिश करने वाले पहले भारतीय हाई जम्पर एथलीट बन गए हैं। 31 साल के सर्वेश कुशारे के लिए तीसरी पोजीशन को हासिल करना बिल्कुल भी आसान काम नहीं था, लेकिन उन्होंने 2.26 मीटर की जम्प करने के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए खत्म किया। सर्वेश कुशारे इसी के साथ एक खास क्लब का भी हिस्सा बन गए हैं।

टॉप-3 में खत्म करने वाले बने चौथे भारतीय एथलीट

सर्वेश कुशारे डायमंड लीग के इतिहास में टॉप-3 पर खत्म करने वाले चौथे भारतीय एथलीट बन गए हैं। सर्वेश से पहले नीरज चोपड़ा ने साल 2022 से अब तक 13 बार, लंबी कूद के एथलीट मुरली श्रीशंकर ने साल 2023 में एकबार और चक्का फेंक के पूर्व एथलीट विकास गौड़ा ने दो बार डायमंड लीग के इतिहास में टॉप-3 में रहते हुए खत्म किया है। सर्वेश कुशारे का मौजूदा फॉर्म काफी शानदार रहा है, जिसमें उन्होंने डायमंड लीग में डेब्यू करने के कुछ समय पहले भुवनेश्वर में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैंपियनशिप में 2.31 मीटर का नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया था, जिसमें उन्होंने  तेजस्विन शंकर के 2.29 मीटर के आठ साल पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ा था। सर्वेश कुशारे ने तीसरे स्थान पर रहकर कतर के तीन बार के विश्व चैंपियन और टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल विजेता मुताज एस्सा बरशिम और अमेरिका के 2023 विश्व चैंपियनशिप के सिल्वर मेडल विजेता जुवॉन हैरिसन जैसे स्टार खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा।

सर्वेश कुशारे ने पांचवें प्रयास में पार किया 2.26 मीटर का मार्क

मोनाको डायमंड लीग में सर्वेश कुशारे ने अपने पहले प्रयास में 2.12 मीटर का मार्क पार किया था। इसके बाद उन्होंने 2.16 मीटर, 2.20 मीटर, 2.23 मीटर का प्रयास अगले तीन प्रयास में हासिल किया। सर्वेश को पांचवें प्रयास में 2.26 मीटर की ऊंचाई के मार्क को पार किया लेकिन छठे प्रयास में वह 2.28 मीटर की ऊंचाई पार करने में कामयाब नहीं हो सके। इस इवेंट में यूक्रेन के विश्व इंडोर चैंपियन ओलेह डोरोशचुक ने 2.32 मीटर की कूद लगाकर खिताब जीता तो वहीं दूसरे नंबर पर ब्रिटेन के जैक किमानी 2.30 मीटर की कूद के साथ रहे। अब सभी की नजरें आगामी 23 जुलाई से शुरू होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में सर्वेश कुशारे के प्रदर्शन पर रहने वाली हैं।

ये भी पढ़ें

वर्ल्ड नंबर-1 जैनिक सिनर ने विंबलडन सेमीफाइनल में जोकोविच को सीधे सेटों में दी मात, फाइनल में ज्वेरेव से होगी अब टक्कर

क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे और इंग्लैंड का होगा आमना-सामना, अर्जेंटीना की होगी स्विट्जरलैंड से भिड़ंत