एशियन पैरा गेम्स 2026 के पहले ही दिन भारत के खिलाड़ियों ने बहुत शानदार खेल दिखाया है। भारत ने पहले दिन कुल 11 पदक जीते हैं, जिनमें 4 गोल्ड, 5 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। इस बेहतरीन शुरुआत के साथ भारतीय टीम पदक तालिका में चौथे नंबर पर पहुंच गई है। मेडल टैली में इस वक्त चाइना की टीम 26 गोल्ड और कुल 62 मेडल जे साथ पहले नंबर पर है। 8 गोल्ड मेडल के साथ जापान दूसरे और 6 गोल्ड मेडल के साथ उज्बेकिस्तान तीसरे नंबर पर है।
निषाद कुमार ने जीता गोल्ड मेडल
शूटिंग में मोना अग्रवाल और पैरा एथलेटिक्स में निषाद कुमार, सौम्या और रिंकू ने गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इसके अलावा, तीरंदाजी में शीतल देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की और राकेश कुमार के साथ मिलकर मिक्स्ड टीम इवेंट में एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना दिया। भारत के लिए मेडल जीतने की शुरुआत शूटिंग से हुई। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने पीछे रहने के बाद शानदार वापसी की और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
पेरिस पैरालंपिक 2024 की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट मोना ने छठे नंबर से आगे बढ़ते हुए 250.0 अंक बनाए और एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड भी बना डाला। इस मुकाबले में दो बार की पैरालंपिक चैंपियन अवनि लेखरा 249.6 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर रहीं। दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच मुकाबला बहुत ही रोमांचक और कांटे का था, जिसमें मोना ने सिर्फ 0.4 अंक के मामूली अंतर से गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
निषाद कुमार ने लॉन्ग जंप में जीता गोल्ड
शाम के समय पैरा एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दो बार के पैरालंपिक सिल्वर मेडलिस्ट निषाद कुमार ने पुरुषों की लॉन्ग जंप (लंबी कूद) T47 स्पर्धा में 7.11 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीत लिया। खास बात यह थी कि निषाद पहली बार किसी इंटरनेशनल लॉन्ग जंप प्रतियोगिता में खेल रहे थे। बचपन में घास काटने की मशीन से दुर्घटना में उनका दाहिना हाथ कट गया था, लेकिन उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और जज्बे से इतिहास रच दिया।
इसके अलावा, महिलाओं की 1500 मीटर T12/T13 रेस में दृष्टिबाधित धाविका सौम्या ने 5 मिनट 12.39 सेकंड का अपना बेस्ट प्रदर्शन देते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि भारत की ही वेंकटेश राधा ने 5 मिनट 30.90 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता। वहीं, पुरुषों की जैवलिन थ्रो F46 स्पर्धा में भारत ने गोल्ड और सिल्वर दोनों पर कब्जा जमाया। रिंकू ने 65.11 मीटर थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता और अजीत सिंह 65.02 मीटर थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इन दोनों ही खिलाड़ियों का यह इस सीजन का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था।
यह भी पढ़ें
WPL Auction 2027 के लिए 146 प्लेयर का नाम आया सामने, सिर्फ 27 स्लॉट के लिए लगेगी बोली
187 रन पर गिरे 7 विकेट, फिर 22 साल के बल्लेबाज ने नंबर 9 पर आकर ठोका शतक, लगाए 6 छक्के