A
  1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. भारत में कब शुरू हुई मोबाइल सेवा? किसने किया था पहला कॉल?

भारत में कब शुरू हुई मोबाइल सेवा? किसने किया था पहला कॉल?

भारत चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा मोबाइल यूजर वाला देश है। भारत में मोबाइल यूजर्स की संख्यां 113 करोड़ के पार पहुंच गया है।

mobile service in India- India TV Hindi
Image Source : UNSPLASH भारत में कब शुरू हुई मोबाइल सर्विस

भारत में मोबाइल फोन यूजर्स की संख्यां 112 करोड़ के पार पहुंच गई है। मोबाइल फोन का इस्तेमाल न सिर्फ कॉलिंग और SMS के लिए किया जाता है, बल्कि आजकल ये हर इंसान की जरूरत बन गया है। मोबाइल फोन के आने के बाद से पिछले दो दशक में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। क्या आपको पता है कि भारत में मोबाइल सर्विस कब शुरू हुई थी और किसने पहला कॉल किया था?

कब शुरू हुई मोबाइल सर्विस?

भारत में मोबाइल सर्विस शुरू हुए 25 साल से ज्यादा का समय हो गया है। 31 जुलाई 1995 को भारत में आधिकारिक तौर पर मोबाइल सर्विस की शुरुआत हुई थी। मोबाइल सेवा के शुरू होने के महज 9 साल के बाद यानी 2004 में भारत में मोबाइल यूजर्स की संख्यां लैंडलाइन से ज्यादा हो गई। 2003 में मोबाइल फोन के लिए इनकमिंग को फ्री कर दिया गया, जिसके बाद यूजर्स की संख्यां में बेतहाशा वृद्धि देखने को मिली। इससे पहले मोबाइल फोन पर इनकमिंग के लिए भी चार्ज देना पड़ता था। दूरसंचार विभाग द्वारा कॉलिंग पार्टी पेज (CPP) थ्योरी लागू करने के बाद भारत में इनकमिंग सर्विस को फ्री किया गया था। वहीं, मोबाइल-टू-लैंडलाइन कॉल भी 1.20 रुपये प्रति मिनट कर दिया गया था।

किसने किया था पहला कॉल?

31 जुलाई 1995 को भारत में पहला मोबाइल कॉल कोलकाता के राइटर्स बिल्डिंग से नई दिल्ली किया गया था। पश्चिम बंगाल के तत्कालीन मुख्यमंत्री ज्योति बसु ने भारत में पहला मोबाइल कॉल केंद्रीय संचार मंत्री सुखराम को किया था। इस कॉल को करने के लिए ज्योति बसु ने Nokia 2110 मोबाइल हैंडसेट का यूज किया था।

मोदी टेलस्ट्रा कंपनी को भारत में पहली मोबाइल सर्विस शुरू करने का श्रेय जाता है। भारत में मोबाइल सर्विस को पहले मोबाइल नेट का नाम दिया गया था। मोबाइल सर्विस शुरू होने के दो साल बात यानी 1997 में दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) की स्थापना की गई। तब से लेकर TRAI ही भारत में मोबाइल सर्विस को रेगुलेट कर रहा है।

मोबाइल से पहले शुरू हुई पेजर सर्विस

मोबाइल से पहले भारत में पेजर सर्विस शुरू हुई थी। पेजर सर्विस को भी 1995 में ही शुरू किया गया था। इसकी शुरुआत मोबाइल सर्विस से दो महीने पहले 16 मार्च 1995 को हुई थी। यह एक इंस्टैंट टेलीग्राम की तरह काम करता था, जिसमें लोगों को एक मोबाइल डिवाइस पर संदेश मैसेज के तौर पर प्राप्त होता था। यह एक वन-वे कम्युनिकेशन डिवाइस था, जिसे कुछ साल बाद ही डिसकन्टिन्यू कर दिया गया।

यह भी पढ़ें - UIDAI बंद कर रहा mAadhaar ऐप, जानें अब कहां से करें आधार डाउनलोड