Apple Pay की भारत में एंट्री हो गई है। लाखों iPhone यूजर्स एप्पल की इस डिजिटल पेमेंट सर्विस का लाभ ले सकते हैं। इसमें यूजर्स को बिना पिन, पासवर्ड या OTP के ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा मिलेगी। यूजर्स POS मशीन में भी अपने आईफोन के जरिए टैप-एंड-पे के जरिए पेमेंट कर पाएंगे। हालांकि, इसे आप UPI की तरह इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे यानी QR कोड स्कैन करके एप्पल पे के जरिए पेमेंट नहीं होगी।
इस साल अगस्त में ही एप्पल पे सर्विस के भारत में लॉन्च को लेकर खबरें सामने आ गई थी। अमेरिकी कंपनी ने इस सर्विस के लिए Axis बैंक के साथ साझेदारी की है। फिलहाल यूजर्स एक्सिस बैंक के वीजा या मास्टरकार्ड को एप्पल पे में ऐड कर पाएंगे। इसके बाद यूजर्स एप्पल पे के जरिए ऑनलाइन या डिजिटल पेमेंट कर पाएंगे। यह सुविधा एप्पल के iPhone ही नहीं, बल्कि Apple Watch और iPad के जरिए भी मिलेगी।
कैसे करें यूज?
- एप्पल पे सर्विस इस्तेमाल करने के लिए आपके पास iPhone XR या इससे ऊपर के आईफोन होना जरूरी है। आप अपने आईफोन में Apple Pay ऐप को सबसे पहले इंस्टॉल करें।
- इसके बाद ऐप में जाकर + आइकन पर टैप करें और बताए गए स्टेप्स को फॉलो करके Axis बैंक का क्रेडिट या डेबिट कार्ड जोड़ें।
- इसके बाद आप एप्पल पे सर्विस को अपने आईफोन के जरिए इस्तेमाल कर पाएंगे।
- इस सर्विस को इस्तेमाल करने के लिए Face ID, Touch ID या साइड और होम बटन पर दो बार टैप करना होगा।
- Apple Pay का इस्तेमाल ऑफलाइन शॉपिंग के साथ-साथ चुनिंदा वेबसाइट पर ऑनलाइन शॉपिंग के लिए किया जा सकता है।
क्या पूरी तरह है सुरक्षित?
एप्पल का कहना है कि इस पेमेंट सर्विस का इस्तेमाल पूरी तरह सुरक्षित है। इसमें पेमेंट करते समय OTP या पिन की जरूरत नहीं होती है। यूजर्स को ऑन डिवाइस ऑथेंटिकेशन करना होगा। यूजर्स का पिन या पासवर्ड किसी भी कंपनी के डेटा या सर्वर में रिकॉर्ड नहीं होता है, जिसकी वजह से यह पूरी तरह से सुरक्षित रहता है। अमेरिका समेत कई देशों में एप्पल पे सर्विस एक दशक पहले ही शुरू हो चुकी है। यूजर्स आसानी से डेली लाइफ के सामानों के लिए इसके जरिए पेमेंट कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें - 1 अक्टूबर से WhatsApp नहीं रहेगा फ्री, Business यूजर्स को देना होगा चार्ज