1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. भारत में जल्द शुरू होगी Apple Pay सर्विस, क्या UPI की भी मिलेगी सुविधा?

भारत में जल्द शुरू होगी Apple Pay सर्विस, क्या UPI की भी मिलेगी सुविधा?

Apple भारतीय बाजार में अपनी पेमेंट सर्विस को जल्द लॉन्च करने की तैयारी में है। रिपोर्ट के मुताबिक, आईफोन यूजर्स के लिए यह सुविधा अगले महीने या अक्टूबर में लॉन्च की जा सकती है।

apple pay- India TV Hindi
Image Source : UNSPLASH एप्पल पे

Apple जल्द भारत में अपनी डिजिटल पेमेंट सर्विस लॉन्च कर सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इस साल अक्टूबर में अपनी इस सर्विस की शुरुआत कर सकती है। एप्पल पे सर्विस के जरिए यूजर्स अपने क्रेडिट और डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करके पेमेंट कर सकेंगे। यह 'टैप एंड पे' सर्विस की तरह काम करेगा। आईफोन यूजर्स POS मशीन पर टैप करके मर्चेंट को पेमेंट कर सकेंगे।

Apple Pay सर्विस भी गूगल वॉलेट और Samsung Pay की तरह ही काम करेगा। पहले ये खबरें सामने आ रही थी कि एप्पल पे में UPI की भी सुविधा मिलेगी। हालांकि, नई रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि कंपनी पहले इस सर्विस को बिना UPI के लॉन्च करेगी। इसमें यूजर्स केवल वीजा और मास्टरकार्ड वाले क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके पेमेंट कर पाएंगे।

क्यों नहीं मिलेगी UPI की सुविधा?

रिपोर्ट के मुताबिक, UPI सर्विस के लिए NPCI यानी नेशनल पेमेंट्स कार्पोरेशन ऑफ इंडिया की मंजूरी लेनी पड़ती है। इसके अलावा किसी बैंक के साथ साझेदारी भी करनी पड़ती है। एप्पल को फिलहाल NPCI से मंजूरी नहीं मिली है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी कंपनी इसके लिए ICICI बैंक के साथ बातचीत कर रही है। जैसे ही ये प्रक्रिया पूरी होगी एप्पल पे में UPI की सुविधा भी मिल सकती है।

Apple Pay सर्विस का सीधा मुकाबला Google Pay समेत अन्य पेमेंटिंग प्लेटफॉर्म से होगा। फिलहाल इसमें केवल क्रेडिट और डेबिट कार्ड को जोड़ने की सुविधा मिल सकती है। UPI सर्विस शुरू होने के बाद एप्पल पे अन्य UPI प्लेटफॉर्म को चुनौती दे सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल की यह सर्विस सितंबर के आखिर या फिर अक्टूबर की शुरुआत में लॉन्च की जा सकती है। एप्पल के नए आईफोन भी अगले महीने यानी सितंबर में लॉन्च किए जा सकते हैं। नए आईफोन लॉन्च के साथ एप्पल भारत में अपनी इस पेमेंट सर्विस की भी शुरुआत कर सकता है।

कैसे करेगा काम?

Apple Pay सर्विस में यूजर्स अपने आईफोन के वॉलेट में अपने क्रेडिट कार्ड को जोड़ सकेंगे। इसके बाद किसी दुकान, मॉल या अन्य शॉपिंग कॉम्प्लैक्स में कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे। उन्हें अपना कार्ड कैरी करने की जरूरत नहीं होगी। यह iPhone में मिलने वाली NFC यानी नियर फील्ड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी की वजह से संभव होगा। 

यह भी पढ़ें - भारत में घटी स्मार्टफोन की बिक्री, Apple-Samsung की डिमांड ने चीनी ब्रांड्स की बढ़ाई टेंशन