A
  1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. पहले फोल्डेबल iPhone की हो सकती है बंपर डिमांड, Apple ने ऑर्डर किए 20 मिलियन डिस्प्ले पैनल

पहले फोल्डेबल iPhone की हो सकती है बंपर डिमांड, Apple ने ऑर्डर किए 20 मिलियन डिस्प्ले पैनल

Apple ने फोल्डेबल iPhone की प्रोडक्शन की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए कंपनी ने 20 मिलियन पैनल का ऑर्डर दिया है। कंपनी ने बढ़ती डिमांड की उम्मीद पर पैनल का ऑर्डर बढ़ा दिया है।

Foldable iPhone- India TV Hindi
Image Source : UNSPLASH फोल्डेबल आईफोन

Apple इस साल अपना पहला फोल्डेबल iPhone लॉन्च कर सकता है। कंपनी के पहले फोल्डेबल फोन को लेकर यूजर्स लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। एप्पल ने भी फोल्डेबल आईफोन की डिमांड को देखते हुए 20 मिलियन यानी 2 करोड़ फोल्डेबल पैनल ऑर्डर किए हैं। इसके अलावा कंपनी ने iPhone 17e के पैनल के लिए भी ऑर्डर दिए हैं। एप्पल ने iPhone 17e को हाल में लॉन्च किया है।

20 मिलियन यूनिट्स का ऑर्डर

दक्षिण कोरियाई वेबसाइट Ajunews की रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल ने फोल्डेबल डिस्प्ले का ऑर्डर सैमसंग को दिया है। बता दें कंपनी के कई iPhone के OLED पैनल सैमसंग ही बनाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस महीने इंडस्ट्री के सूत्रों ने बताया है कि एप्पल ने फोल्डेबल पैनल के लिए 20 मिलियन यूनिट्स का ऑर्डर दिया है। कंपनी ने पहले 13 से 15 मिलियन यूनिट्स का ऑर्डर दिया था, जिसे 20% बढ़ा दिया गया है। एप्पल का पहला फोल्डेबल आईफोन दूसरी छमाही में लॉन्च किया जा सकता है।

फोल्डेबल फोन की बढ़ी डिमांड

इंडस्ट्री के सूत्रों से मिली रिपोर्ट के मुताबिक, ग्लोबल मार्केट में फोल्डेबल फोन की बढ़ती डिमांड को देखते हुए एप्पल ने अपने फोल्डेबल आईफोन को लेकर आक्रामक रूख अपनाया है। सैमसंग मई में एप्पल के फोल्डेबल आईफोन के लिए डिस्प्ले का प्रोडक्शन शुरू कर देगा। एप्पल ने फोल्डेबल पैनल के लिए BOE से भी संपर्क किया था, लेकिन सप्लाई चेन और प्रोडक्शन रेट में दिक्कत की वजह से चीनी कंपनी ऑर्डर पूरा नहीं कर पाएगी। अब एप्पल के फोल्डेबल आईफोन के लिए केवल Samsung की पैनल प्रोड्यूस करेगा।

Samsung तैयार करेगा डेडिकेटेड प्रोडक्शन लाइन

वहीं, iPhone 17e के लिए भी अब सैमसंग डिस्प्ले पैनल सप्लाई करेगा। पहले इसके पैनल BOE सप्लाई कर रहा था, लेकिन डिस्प्ले की गुणवत्ता की समस्या को देखते हुए सैमसंग को 10 से 12 मिलियन डिस्प्ले पैनल का ऑर्डर रिसीव हुआ था। सैमसंग ने बढ़ते ऑर्डर को देखते हुए प्रोडक्शन लाइन का पुनर्गठन शुरू कर दिया है। खास तौर पर एप्पल के फोल्डेबल डिस्प्ले पैनल के लिए कंपनी एक डेडिकेटेड प्रोडक्शन लाइन तैयार कर रही है।

यह भी पढ़ें - Poco C85 Review: कम बजट में अच्छे फीचर्स वाला फोन, बस रह गई ये कमियां