BSNL के करोड़ों यूजर्स को जल्द ही 5G सर्विस की सौगात मिल सकती है। सरकारी टेलीकॉम कंपनी ने स्वदेशी 5G सर्विस के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी जल्द ही इसकी शुरुआत दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों से कर सकती है। कंपनी आने वाले महीनों में इसका ट्रायल शुरू करने वाली है। वहीं, 4G सर्विस का भी व्यापक तौर पर विस्तार किया जा रहा है। कंपनी का दावा है कि अब यूजर्स को पहले के मुकाबले बेहतर कनेक्टिविटी और इंटरनेट की सुविधा मिल रही है।
5G सर्विस लॉन्च के संकेत
पिछले दिनों नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजत इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारी ने 5G सर्विस को लेकर संकेत दिए हैं। कंपनी के प्रिंसिपल जनरल मैनेजर विवेक दुआ ने कहा कि टेलीकॉम कंपनी कई कंज्यूमर और नेटवर्क लेवल प्लेटफॉर्म को लॉन्च करते हुए मोबाइल कनेक्टिविटी की अगली पीढ़ी (5G) की ओर तेजी से बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, विवेक दुआ ने कहा कि हम निश्चित तौर पर 5G की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। BSNL का 4G नेटवर्क भी अब वैसा ही काम कर रहा है। आने वाले दिनों में नेटवर्क का दायरा भी बढ़ाया जाएगा।
BSNL ने पिछले साल पूरे भारत में एक साथ 4G सर्विस लॉन्च की थी। कंपनी ने लगभग 1 लाख नए 4G मोबाइल टावर लगाए हैं। आने वाले समय में कंपनी और 1 लाख नए मोबाइल टावर को लगा रही है। इसके लिए सरकार की तरफ से टेलीकॉम कंपनी की मदद भी की जा रही है। कंपनी के ये नए मोबाइल साइट्स 5G रेडी हैं, जिनमें सर्विस लॉन्च करने के लिए बस सॉफ्टवेयर अपग्रेड करना होगा। यह पूरी तरह से स्वदेशी स्टैक पर डेवलप किया गया है। ऐसे में BSNL की 5G सर्विस के जल्द लॉन्च किए जाने की संभावना प्रबल हो रही है।
2022 से 5G सर्विस
भारत में 5G सर्विस की शुरुआत अक्टूबर 2022 में हुई है। पीएम मोदी ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस के मंच से 5G सर्विस लॉन्च की थी। इसके बाद जियो और एयरटेल ने अगले दो साल में देश के लगभग सभी जिलों में 5G सर्विस पहुंचा दी है। वोडाफोन-आइडिया ने भी इस साल अपनी 5G सर्विस को देश के कई शहरों में पहुंचाई है। अब सरकारी कंपनी BSNL भी 5G सर्विस की तैयारी में जुट गई है।
यह भी पढ़ें - Vivo V80 और Vivo X Fold 6 की भारत में सेल शुरू, मिल रहा स्पेशल ऑफर