DoT ने लोगों को चेतावनी देते हुए फर्जी सिम कार्ड जारी कराने से बचने के लिए कहा है। दूरसंचार विभाग ने अपनी एडवाइजरी में बताया कि फर्जी डॉक्यूमेंट्स का इस्तेमाल करके सिम कार्ड खरीदने और IMEI से छेड़छाड़ करने पर 50 लाख का भारी जुर्माना और 3 साल तक की जेल हो सकती है। दूरसंचार विभाग ने लोगों को अपने नाम पर जारी सिम कार्ड को चेक करने के लिए कहा है। अगर, उनके नाम पर कोई ऐसा सिम कार्ड जारी हुआ है, जो उन्होंने नहीं कराया है तो उसे तुरंत डिएक्टिवेट करने के लिए अप्लाई करें।
दूरसंचार विभाग की चेतावनी
दूरसंचार विभाग ने 21 सितंबर 2026 को सिम कार्ड जारी कराने को लेकर नई गाइडलाइंस (REF.) जारी की है। नई गाइडलाइंस में DoT ने कहा है कि अगर, किसी की पहचान चोरी करके फर्जी सिम कार्ड जारी किया जाता है या फिर मोबाइल फोन के IMEI से किसी भी तरह का छेड़छाड़ की जाती है तो भारी जुर्माना और 3 साल तक की जेल होगी। दूरसंचार विभाग की यह एडवाइजरी टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के तहत जारी की गई है, जिसमें 50 लाख रुपये तक का जुर्माना और 3 साल तक की जेल का प्रावधान है।
DoT ने हाल ही में छत्तीसगढ़ के साइबरक्राइम के मामले को देखते हुए यह एडवाइजरी जारी किया है। छत्तीसगढ़ में एक प्वाइंट ऑफ सेल (PoS) एजेंट के दावार फर्जी तरीके से 25 सिम कार्ड जारी किया गया था, जिसमें लोगों के डॉक्यूमेंट्स का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया था। दूरसंचार विभाग और टेलीकॉम ऑपरेटर्स ने PoS एजेंट को सिस्टम से ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
इस मामले के बाद दूरसंचार विभाग ने लोगों को अपने नाम पर जारी सिम कार्ड को चेक करने के लिए कहा है। अगर, उनके नाम पर कोई ऐसा सिम कार्ड जारी हुआ है, जो उन्होंने नहीं कराया है तो उसे तुरंत बंद करा दें। दूरसंचार विभाग ने इसके लिए संचार साथी पोर्टल या ऐप का इस्तेमाल करने के लिए कहा है।
कैसे चेंक करे जारी सिम कार्ड?
- इसके लिए आप संचार साथी पोर्टल या ऐप पर जाएं।
- यहां अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- इसके बाद आपके नाम पर जारी सभी मोबाइल नंबर दिख जाएंगे।
- अगर, कोई ऐसा नंबर इस लिस्ट में शामिल है, जो आपने जारी नहीं कराया है तो उसे तुरंत रिपोर्ट करें।
रिपोर्ट करने के बाद DoT की तरफ से उस नंबर को रीवेरिफिकेशन करने के लिए कहा जाएगा और बंद कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें - महंगे रिचार्ज से छुट्टी! TRAI का बड़ा फैसला, टेलीकॉम कंपनियों को लॉन्च करना होगा बिना डेटा वाला सस्ता मंथली प्लान