A
Hindi News टेक न्यूज़ फ्रांस में एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के दफ्तरों पर छापेमारी, जानें क्या है वजह

फ्रांस में एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के दफ्तरों पर छापेमारी, जानें क्या है वजह

फ्रांस में बाल यौन सामग्री और डीपफेक जांच के संबंध में एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के दफ्तरों पर छापेमारी की गई है।

Elon Musk- India TV Hindi Image Source : AP एलन मस्क

Elon Musk X offices Raid: पेरिस के अभियोजकों ने बाल यौन सामग्री (चाइल्ड पोर्नोग्राफी) और डीपफेक सहित कई कथित अपराधों की शुरुआती जांच के तहत एलन मस्क के सोशल मीडिया मंच 'एक्स' के फ्रांस स्थित कार्यालयों पर मंगलवार को छापेमारी की। इस संबंध में जारी बयान में कहा गया कि पिछले साल जनवरी में अभियोजक कार्यालय की साइबर अपराध इकाई ने जांच शुरू की थी। यह इकाई बच्चों को बंधक बनाने और उनकी अश्लील तस्वीरें फैलाने, इससे संबंधित डीपफेक, मानवता के खिलाफ अपराधों और एक संगठित समूह के हिस्से के तौर पर 'ऑटोमेटेड डेटा प्रोसेसिंग सिस्टम' में हेरफेर तथा दूसरे अपराधों में कथित ''मिलीभगत'' की जांच कर रही है। 

क्या है मामले का अपडेट

बयान के मुताबिक अभियोजकों ने एलन मस्क और 'एक्स' की 2023 से 2025 तक मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) रहीं लिंडा याकारिनो से स्वैच्छिक पूछताछ के लिए अनुरोध किया है, जिसके लिए 20 अप्रैल की तारीख निर्धारित है। इस संबंध में 'एक्स' के एक प्रवक्ता ने टिप्पणी के लिए किए गए अनुरोध पर तुरंत जवाब नहीं दिया। पेरिस अभियोजक कार्यालय ने 'एक्स' पर छापेमारी की पुष्टि की। इसने कहा कि वह इस मंच को छोड़ रहा है और 'फॉलोअर्स' से भी अपील है कि वे किसी दूसरे सोशल मीडिया मंच से जुड़ें। 

कैसे शुरू हुई जांच

अभियोजकों ने एक बयान में कहा, ''इस चरण में, जांच एक सकारात्मक सोच पर आधारित है, जिसका मकसद यह पक्का करना है कि 'एक्स' फ्रांसीसी कानून का पालन करे, क्योंकि यह देश की सीमा के अंदर काम करता है।'' यह जांच सबसे पहले एक फ्रांसीसी सांसद की रिपोर्ट के बाद शुरू की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि 'एक्स' पर मौजूद पक्षपातपूर्ण एल्गोरिदम द्वारा एक 'ऑटोमेटेड डेटा प्रोसेसिंग सिस्टम' के कामकाज को प्रभावित किए जाने की संभावना है। 

बयान में कहा गया कि बाद में इन अतिरिक्त रिपोर्ट के बाद इसका दायरा और बढ़ गया कि 'एक्स' के एआई चैटबॉट ग्रोक ने कथित तौर पर यहूदी नरसंहार की बात से इनकार किया और यौन सामग्री सबंधी डीपफेक का प्रसार किया। हालांकि एक्स के प्रवक्ता ने टिप्पणी के अनुरोध पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।

ये भी पढ़ें 

मोटोरोला का ये फोन 8000 रुपये सस्ता खरीदने का मौका, पानी में डूबने पर भी नहीं होता खराब