1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. भारत में बच्चों के लिए बैन हो सकता है सोशल मीडिया? पीएम मोदी ने की ऑस्ट्रेलिया के कानून की तारीफ

भारत में बच्चों के लिए बैन हो सकता है सोशल मीडिया? पीएम मोदी ने की ऑस्ट्रेलिया के कानून की तारीफ

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन करने वाले कानून की तारीफ की है। साथ ही, कहा कि भारत भी इससे बहुत कुछ सीख रहा है। ऐसे में ये कयास लगाए जा रहे हैं कि भारत में भी बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाया जा सकता है।

Social Media- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV क्या भारत में बच्चों के लिए बैन होगा सोशल मीडिया?

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के सोशल मीडिया को लेकर बनाए गए नए कानून की सराहना की है और कहा कि भारत को भी इससे कुछ सीखना चाहिए। पीएम मोदी की ये बात भारत में भी सोशल मीडिया को लेकर कानून में बदलाव की तरफ ईशारा है। भारत के कुछ राज्य सरकारों ने भी पिछले दिनों 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया को बैन करने को लेकर घोषणाएं की हैं। सोशल मीडिया की वजह से बच्चों पर मानसिक प्रभाव पड़ता है। इसे लेकर कई एक्सपर्ट्स ने चिंता भी जाहिर की है।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

ऑस्ट्रेलिया के मेनलबर्न में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत और बाकी देशों ने ऑस्ट्रेलिया के सोशल मीडिया नियमों से काफी कुछ सीखा है। इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के IT और सोशल मीडिया से जुड़े कानूनों में हुए बदलाव की सराहना की है। पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह से ऑस्ट्रेलिया आईटी और सोशल मीडिया से जुड़े कानूनों में बदलाव कर रहा है, वह समाज की सुरक्षा के लिए प्रेरणादायक है।

क्या भारत में भी बच्चों के लिए बैन होगा सोशल मीडिया?

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने के लिए की गई ऑस्ट्रेलिया की कोशिशों से भारत भी बहुत कुछ सीख रहा है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया दुनिया का पहला ऐसा देश बना है, जिसने 16 साल से कम उम्रे के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूरी तरह से बैन लगा दिया है।

ऑस्ट्रेलिया ने यह कानून पिछले साल दिसंबर 2025 में लागू किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिक-टॉक, स्नैपचैट आदि पर बड़ी संख्यां में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट पर रोक लगा दी गई थी। ऑस्ट्रेलिया की सरकार की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि वे कम उम्र के यूजर्स की सख्ती से जांच करें।

ऑस्ट्रेलिया के इस फैसले के बाद भारत के भी कई राज्य सरकारों ने भी 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन करने को लेकर घोषणाएं की हैं। आंध्र प्रदेश, बिहार, कर्नाटक समेत कई राज्य सरकारों ने इसे लेकर जल्द कानून की घोषणा की है। यही नहीं, पिछले दिनों ब्रिटेन ने भी बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाने और गेमिंग लाइव-स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें - WhatsApp में आ रहा नया फीचर, कॉन्टैक्ट्स का बर्थडे नहीं भूल पाएंगे आप