iPhone 17 सीरीज लॉन्च होने से पहले पुराने वाले आईफोन मॉडल की कीमत में कटौती की गई है। हर साल की तरह ही एप्पल अपने नए आईफोन मॉडल को लॉन्च करने के साथ ही पुराने वाले मॉडल की कीमत कम देता है। वहीं, कुछ पुराने आईफोन मॉडल को बंद भी कर दिया जाता है। 2023 में लॉन्च हुए iPhone 15 की कीमत में भी कटौती की गई है। यह आईफोन अब लॉन्च प्राइस से हजारों रुपये सस्ते में मिल रहा है। एप्पल ने iPhone 15 में पिछले साल 10,000 रुपये की कटौती की थी। अब यह आईफोन और भी सस्ता हो गया है।
iPhone 15 में बड़ा प्राइस कट
एप्पल का यह आईफोन 79,900 रुपये की शुरुआती कीमत में लॉन्च हुआ था। एप्पल ने इस आईफोन की कीमत में पिछले साल 10,000 रुपये की कटौती की थी। इसके बाद यह 69,900 रुपये की कीमत में मिलने लगा था। ई-कॉमर्स वेबसाइट Amazon और फ्लिपकार्ट दोनों पर यह फोन सस्ते में मिल रहा है। फ्लिपकार्ट पर यह आईफोन 64,900 रुपये की शुरुआती कीमत में मिल रहा है। इसकी कीमत में 5,000 रुपये की कटौती की गई है। इसके अलावा बैंक ऑफर्स अलग से मिल रहे हैं।
Amazon पर iPhone 15 को और भी सस्ते में खरीदा जा सकता है। इसकी कीमत में 20,000 रुपये की कटौती की गई है। यह आईफोन अमेजन पर 59,900 रुपये की शुरुआती कीमत में लिस्ट किया गया है। इसके अलवा फोन की खरीद पर 1,797 रुपये तक का कैशबैक भी ऑफर किया जा रहा है। इस तरह से इसे 58,103 रुपये की शुरुआती कीमत में घर लाया जा सकता है। यह आईफोन 5 कलर ऑप्शन- ब्लैक, ब्लू, ग्रीन, पिंक और यैलो में आता है।
iPhone 15 के फीचर्स
एप्पल का यह आईफोन 6.1 इंच के सुपर रेटिना XDR डिस्प्ले के साथ आता है। इस आईफोन में डायनैमिक आईलैंड वाला डिस्प्ले मिलता है। फोन के बैक में डुअल कैमरा सेटअप मिलता है, जिसमें 48MP + 12MP के कैमरे मिलेंगे। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 12MP का ही कैमरा दिया गया है। आईफोन 15 में 6GB रैम के साथ A16 Bionic चिप दिया गया है। यह iOS 17 ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ आता है, जिसे iOS 18 में अपग्रेड किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें -
Realme ने लॉन्च किया 7200mAh बैटरी, 100W फास्ट चार्जिंग वाला धांसू फोन