Motorola Edge 70 Max जल्द भारत में लॉन्च होने वाला है। मोटोरोला का यह मिड बजट फोन 15 जुलाई को भारतीय बाजार में पेश किया जाएगा। इससे पहले कंपनी इस सीरीज में Motorola Edge 70, Edge 70 Pro और Edge 70 Fusion पेश कर चुकी है। कंपनी की तरफ से फोन के किसी फीचर को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। इसे ई-कॉमर्स वेबसाइट Flipkart पर लिस्ट किया गया है। लॉन्च से पहले इसका एक हैंड्स-ऑन वीडियो सामने आया है, जिसमें फोन की झलक देखने को मिल रही है।
हैंड्स-ऑन वीडियो आया सामने
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मोटोरोला के इस अपकमिंग फोन के वीडियो के अलावा कुछ तस्वीरें पोस्ट की गई हैं। फोन का Pale Green कलर वाला वेरिएंट देखा जा सकता है। पोस्ट के मुताबिक, यह फोन फ्लैट डिस्प्ले और पतले बेजल्स के साथ आएगा। लीक हुए वीडियो के मुताबिक, इस फोन में 50MP का Sony Lytia कैमरा मिलेगा, जो OIS यानी ऑप्टिकल इमेज स्टेब्लाइजेशन फीचर को सपोर्ट करेगा।
पोस्ट के मुताबिक, मोटोरोला का यह फोन एल्युमीनियम बॉडी और ग्लास बैक पैनल के साथ आ सकता है। फोन के लेफ्ट साइड में एक डेडिकेटेड AI बटन दिया गया है। वहीं, राइट साइड में पावर और वॉल्यूम बटन्स दिए गए हैं। Motorola Edge 70 सीरीज के अन्य मॉडल में भी ऐसे ही बटन्स दिए गए हैं। यह फोन Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करेगा। यह फोन भारत में 15 जुलाई को दिन के 12 बजे लॉन्च किया जाएगा।
मिलेंगे ये फीचर्स?
मोटोरोला का यह अपकमिंग फोन तीन कलर ऑप्शन- Onyx Black, Sage Green और Glacier Blue में आ सकता है। इसके लीक हुए फीचर्स की बात करें तो Motorola Edge 70 Max में 6.82 इंच का LTPO OLED डिस्प्ले मिलेगा। फोन का डिस्प्ले 7000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करेगा। यही नहीं, इसमें 144Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया जा सकता है।
कंपनी ने कंफर्म किया है कि Motorola Edge 70 Max में 7100mAh की बैटरी मिलेगी, जिसके साथ 90W फास्ट चार्जिंग और 25W वायरलेस चार्जिंग फीचर मिल सकता है। मोटोरोला के इस फोन में 12GB रैम और 256GB तक स्टोरेज दिए जाने की उम्मीद है। मोटोरोला के इस फोन में ArcticMesh कूलिंग सिस्टम मिलेगा, जो फोन को हैवी यूज में भी ठंडा रखेगा।
यह भी पढ़ें - Samsung Galaxy A27 5G Review: मिड प्राइस रेंज में दमदार फीचर वाला फोन, जानें कैसा रहा एक्सपीरियंस