Motorola के Edge 70 सीरीज में एक और फोन जल्द भारतीय बाजार में दस्तक देने वाला है। कंपनी ने अपने इस Max फोन की लॉन्च डेट कंफर्म कर दी है। Motorola Edge 70 Max को भारत में 15 जुलाई को लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने इस फोन का माइक्रोसाइट भी लाइव कर दिया है। इसे ई-कॉमर्स वेबसाइट Flipkart से खरीदा जा सकेगा। कंपनी के फोन के डिजाइन के अलावा कुछ फीचर्स भी रिवील किए हैं। कंपनी ने इस सीरीज में Motorola Edge 70 के अलावा Edge 70 Pro और Edge 70 Fusion भारतीय बाजार में उतारे हैं। ये फोन मिड बजट सेगमेंट में पेश किए गए हैं।
लॉन्च डेट हुई कंफर्म
Motorola Edge 70 Max के माइक्रोसाइट के मुताबिक, इस फोन को भारत में 15 जुलाई को दिन के 12 बजे लॉन्च किया जाएगा। फोन को ई-कॉमर्स वेबसाइट फ्लिपकार्ट से खरीदा जा सकेगा। इस फोन का लुक और डिजाइन इस सीरीज के अन्य मॉडल की तरह ही है। इसमें बेहद पतले बेजल्स, फ्लैट डिस्प्ले के अलावा स्क्वायर शेप वाला कैमरा मॉड्यूल मिलेगा। इस स्मार्टफोन को लाइट ब्लू और ग्रीन कलर में पेश किया जा सकता है।
मिलेगा दमदार प्रोसेसर
माइक्रोसाइट की लिस्टिंग के मुताबिक, मोटोरोला के इस फोन में Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 चिपसेट दिया जाएगा। इसके अलावा फोन में AI फीचर्स की भरमार होगी। इसमें 12GB रैम के साथ 512GB तक स्टोरेज दिए जाने की संभावना है। इस फोन में ArcticMesh कूलिंग सिस्टम मिलेगा, जो फोन को हैवी यूज में भी ठंडा रखेगा।
कैसा होगा डिस्प्ले?
इस फोन में Quad HD+ LTPO डिस्प्ले मिल सकता है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। इस फोन के डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 7000 निट्स तक हो सकती है। डिस्प्ले के प्रोटेक्शन के लिए इसमें कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7i मिल सकता है। पिछले दिनों आई लीक रिपोर्ट के मुताबिक, यह फोन 6.82 इंच के डिस्प्ले के साथ लॉन्च किया जा सकता है।
मिलेगी 7100mAh की बैटरी
मोटोरोला ने कंफर्म किया है कि इसमें 7,100mAh की दमदार बैटरी दी जा सकती है। इसके साथ 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग फीचर दिए जाने की उम्मीद है। साथ ही, फोन में मैग्नेटिक वायरलेस चार्जिंग फीचर भी मिल सकता है। यह इस सेगमेंट का पहला फोन होगा, जिसमें वायरलेस चार्जिंग का इस्तेमाल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें - Apple के पहले फोल्डेबल आईफोन की वीडियो लीक, हिंज में यूज होगी खास टेक्नोलॉजी