Motorola Edge 70 सीरीज में एक और स्मार्टफोन जल्द लॉन्च होने वाला है। मोटोरोला का यह फोन Max नाम से पेश किया जा सकता है। हाल ही में इस फोन को सर्टिफिकेशन साइट पर देखा गया है। साथ ही, फोन का प्रमोशनल इमेज भी ऑनलाइन रिवील हुआ है। फोन का लुक और डिजाइन इस सीरीज के अन्य फोन की तरह ही होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, मोटोरोला का यह फ्लैगशिप फोन 200MP कैमरे के साथ पेश किया जा सकता है।
मिलेगा फ्लैगशिप चिपसेट
HDR10+ सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर देखे गए मोटोरोला के इस फोन में Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 चिपसेट दिया जा सकता है। इसे भारत समेत ग्लोबल मार्केट में जल्द पेश किए जाने की संभावना है। यह फोन वाटरलेस पावर कोन्सोर्टम (WPC) डेटाबेस पर भी देखा गया है। फोन के बैक में ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया जा सकता है।
WPC वेबसाइट के मुताबिक, मोटोरोला के इस फोन को मॉडल नंबर XT2611 के नाम से लिस्ट किया गया है। इसमें Qi 2 वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट मिलेगा। इसमें कंपनी 25W का वायरलेस चार्जिंग फीचर दे सकती है। वहीं, प्रमोशनल फोटो में फोन के फ्रंट में पंच-होल डिजाइन वाला कैमरा सेटअप मिल सकता है। फोन में फ्लैट डिस्प्ले पैनल दिया जाएगा। इस स्मार्टफोन को तीन कलर ऑप्शन- Glacier Blue, Onyx Black और Sage Green में पेश किया जा सकता है।
200MP कैमरा के साथ होगा लॉन्च?
फोन के बैक में 200MP का मेन कैमरा दिया जा सकता है, जो 100x तक डिजिटल जूम को सपोर्ट करेगा। वहीं, फोन में एक टेलीफोटो और एक पेरीस्कोप कैमरा दिए जाने की संभावना है। यही नहीं, फोन मिलिट्री ग्रेड MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन के साथ लॉन्च किया जाएगा, जिसकी वजह से फोन की ड्यूरेबिलिटी बेहतर होगी।
मोटोरोला के इस अपकमिंग फ्लैगशिप फोन के बारे में और ज्यादा जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। इसके फीचर्स Motorola Edge 70 और Motorola Edge 70 Pro के मुकाबले अपग्रेडेड हो सकते हैं।
Motorola Edge 70 Pro के फीचर्स की बात करें तो यह फोन 6.8 इंच के AMOLED डिस्प्ले के साथ आता है। इसमें MediaTek Dimensity 8500 Extreme चिपसेट, 12GB रैम और 256GB तक स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है। फोन के बैक में 50MP के तीन कैमरे दिए गए हैं। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए भी फोन में 50MP का कैमरा मिलता है। यह फोन 6,500mAh की बैटरी के साथ आता है। इसमें 90W वायर्ड और 15W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है।
यह भी पढ़ें - iQOO ने लॉन्च किया 10000mAh बैटरी वाला टैबलेट, 12GB रैम का मिलेगा सपोर्ट