Oppo के दोनों सब ब्रांड्स- OnePlus और Realme में मर्जर हो गया है। सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों चीनी कंपनियों ने अपने ग्लोबल के साथ-साथ घरेलू बिजनेस को मर्ज करने का फैसला किया है। पहले भी OnePlus के ग्लोबल ऑपरेशन के शटडाउन होने को लेकर खबरें सामने आई थी। हालांकि, वनप्लस ने इसे बेबुनियाद बताया था। अब जो नई खबर सामने आ रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि वनप्लस और रियलमी ने मर्जर कर लिया है।
नई टीम Pele Lau को करेगी रिपोर्ट
चीनी माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Weibo पर टिप्स्टर डिजिटल चैट स्टेशन (DCS) ने दावा किया है कि OnePlus और Realme का आधिकारिक तौर पर मर्जर हो गया है। दोनों स्मार्टफोन ब्रांड अपने ग्लोबल और चीनी ऑपरेशन को एक नए सब-प्रोडक्ट सेंटर में मर्ज करने पर सहमत हो गए हैं। यही नहीं, वनप्लस और रियलमी के मार्केटिंग और सर्विस को भी एक में मर्ज कर दिया गया है। नई मर्ज हुई टीम Pele Lau को रिपोर्ट करेंगे।
OnePlus लंबे समय से Oppo का सब ब्रांड रहा है। वहीं, 2018 में Realme को Oppo के सब ब्रांड के तौर पर लॉन्च किया गया था। बाद में रियलमी ने अपना ऑपरेशन अलग कर लिया था। हालांकि, पिछले दिनों ही Realme को Oppo में मर्ज किया गया है। वहीं, भारत की बात करें तो वनप्लस इंडिया के सीईओ रोबिन लियु पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। कंपनी अगले महीने 7 मई को OnePlus Nord CE 6 और Nord CE 6 Lite के अलवा OnePlus Pad 4 को भारतीय बाजार में लॉन्च करने जा रही है।
यूरोप में बंद होगा ऑपरेशन?
पहले भी कई रिपोर्ट्स सामने आ चुकी है, जिसमें दावा किया गया है कि OnePlus यूरोपीय मार्केट में अपना ऑपरेशन पूरी तरह बंद करने वाला है। वहां पर बड़े स्तर पर छंटनी भी की जा सकती है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, वनप्लस इंडिया का ऑपरेशन पहले की तरह चलता रहेगा यानी भारतीय बाजार में इस मर्जर का असर नहीं दिखने वाला है। यहां Oppo, Realme और OnePlus अलग-अलग ब्रांड के तौर पर काम करते रहेंगे।
वनप्लस इंडिया के पूर्व सीईओ रोबिन लियू ने पिछले दिनों कहा था कि वो अपने निजी कमिटमेंट्स की वजह से कंपनी से इस्तीफा दे रहे हैं। वनप्लस इंडिया का ऑपरेशन पूरी तरह से चलता रहेगा। कंपनी भारत में अपने नए प्रोडक्ट्स लॉन्च करती रहेगी। साथ ही, लोकल स्ट्रेटेजी पर भी पहले की तरह की काम किया जाएगा।
यह भी पढ़ें - Google Pixel 11 के बारे में आई कई जानकारियां, Tensor G6 समेत मिलेंगे ये फीचर्स