Deepfake Takedowns: केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) से तैयार किए जाने वाले 'डीपफेक' पर बढ़ती चिंताओं पर ध्यान देते हुए कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने भी अपनी ओर से डीपफेक कंटेट को हटाने की कोशिशों को काफी तेज कर दिया है। सूचना प्रौद्योगिकी और सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैष्णव ने डीपफेक को समाज के लिए एक नया खतरा और अभिशाप बताया। डीपफेक वह टेक्नोलॉजी है जिसके जरिये किसी शख्स की फोटो, आवाज या वीडियो को डिजिटल माध्यम से बदलकर बिल्कुल असली जैसा दिखने वाला फर्जी रूप दे दिया जाता है।
डीपफेक हटाने में आई है तेजी-आईटी मंत्री
अश्विनी वैष्णव ने कहा, "डीपफेक के रूप में बहुत सारा कंटेट आने लगा है। एआई की दुनिया में हुए बदलावों के कारण सोशल मीडिया पर भारी मात्रा में डीपफेक आ रहे हैं। पूरी दुनिया और सोशल मीडिया मंचों ने खुद इन फर्जी वीडियो और तस्वीरों को हटाने के अपने प्रयासों को काफी बढ़ा दिया है।" उन्होंने जानकारी दी कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने डीपफेक कंटेंट को हटाने की अपनी कार्रवाई को लगभग दोगुना या तिगुना कर दिया है। अश्विनी वैष्णव ने डीपफेक को समाज के लिए एक नया खतरा बताते हुए कहा कि हर व्यक्ति, संस्थान और पूरे समाज के लिए इससे असरदार ढंग से निपटना बहुत महत्वपूर्ण है।
पश्चिम एशिया हाईटेक उद्योग वैष्णव पश्चिम एशिया संकट से प्रौद्योगिकी उद्योग पर फिलहाल असर नहीं-वैष्ण्व
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज ये भी कहा कि सरकार उच्च प्रौद्योगिकी उद्योग संगठनों के साथ पश्चिम एशिया संघर्ष और इसके पड़ने वाले प्रभाव को लेकर बातचीत कर रही है। इंडस्ट्री बॉडी ने अपने संचालन पर किसी भी प्रतिकूल असर की सूचना नहीं दी है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री की यह टिप्पणी उन खबरों के बीच आई है कि हीलियम की कमी ने ग्लोबल टेक्नोलॉजी सप्लाई चेन पर असर डालना शुरू कर दिया है। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हमने यहां मौजूद हर उद्योग संगठन से बात की है और सभी ने कहा है कि अभी तक कोई प्रभाव नहीं पड़ा है. इसमें सेमीकंडक्टर, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जे और हार्डवेयर क्षेत्र शामिल हैं.
अश्विनी वैष्णव के मुताबिक इंडस्ट्री का मानना है कि पश्चिम एशिया संकट लंबा नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि यह एक बदलती हुई स्थिति है, इसलिए, हम उद्योग के साथ बातचीत जारी रखेंगे।
PTI इनपुट्स के आधार पर
ये भी पढ़ें