A
  1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. कब करानी चाहिए AC की सर्विस? एक गलती से खराब हो सकता है कंप्रेसर

कब करानी चाहिए AC की सर्विस? एक गलती से खराब हो सकता है कंप्रेसर

AC की सर्विस कराना बेहद जरुरी है। लोगों की इस छोटी सी गलती की वजह से भारी नुकसान हो सकता है। इसलिए सही समय पर सर्विस करना बेहद जरूरी है।

AC tips- India TV Hindi
Image Source : UNSPLASH एसी सर्विस

AC इस्तेमाल करने वाले बहुत से लोगों को इस बात की जानकारी नहीं होती है कि कब उसकी सर्विस करानी चाहिए। एसी का सही समय पर सर्विस न होने पर कंप्रेसर पर जोर पड़ सकता है और ओवरहीटिंग की वजह से यह खराब भी हो सकता है। एसी की सर्विस आप जहां रह रहे हैं उसकी एरिया पर भी निर्भर करता है। अगर, आप किसी ऐसे जगह रहते हैं, जहां ज्यादा धूल-मिट्टी हो तो एसी की सर्विस करने की टाइमिंग में असर पड़ सकता है।

कब करानी चाहिए एसी की सर्विस?

आम तौर पर पूरे साल में कम से कम दो बार एसी की सर्विस करानी चाहिए। आम तौर पर स्प्लिट एसी को ज्यादा सर्विस की जरूरत होती है। स्प्लिट एसी के इंडोर और आउटडोर यूनिट को अच्छी तरह साफ रखने से एसी की कूलिंग भी सही रहती है और कंप्रेसर पर भी जोर नहीं पड़ता है। अगर, आपने नया एसी खरीदा है तो उसे कम से कम 3 से 4 महीने यूज करने के बाद ही सर्विस करानी चाहिए।

कंप्रेसर होगा ओवरहीट

गर्मियां शुरू होने से पहले आपको एसी की सर्विस करा लेनी चाहिए। पूरी सर्दी में एसी का इस्तेमाल नहीं होता है और न ही इसकी सर्विस की जरूरत होती है। हालांकि, एसी को दोबारा इस्तेमाल करने से पहले उसकी सर्विस कराना बेहद जरूरी है। सर्विस में एसी के इंडोर और आउटडोर दोनों यूनिट्स में जमे धूल-मिट्टी को हटाना पड़ेगा। सही से सर्विस न होनें से ये इंडोर और आउडोर यूनिट में लगे कूलिंग क्वॉइल को प्रभावित करते हैं। ठीक से हवा पास नहीं होने की वजह से कंप्रेसर ओवरहीट हो जाता है और कूलिंग की समस्या बनी रहती है।

तीन महीने में सर्विसिंग की जरूरत

एसी की सर्विस से भी ज्यादा जरूरी है कि आपको हर 15 से 20 दिनों में इंडोर यूनिट के फिल्टर को साफ करना चाहिए। एसी को आम तौर पर 600 से 700 घंटे तक चलाने के बाद सर्विस की जरूरत होती है। अगर, आप दिन में 7 से 8 घंटे भी एसी चलाते हैं तो आपको 80 से 90 दिनों के बाद एसी की सर्विस करानी होगी। एसी की सर्विस सही टाइम पर न होने से कूलिंग की समस्या रहती है और बिजली की खपत भी ज्यादा होती है।

यह भी पढ़ें - Jio का 98 दिन वाला रिचार्ज प्लान, फ्री में देखें IPL के मैच, मिल रहे कई बेनिफिट्स