बाराबंकी: यूपी के बाराबंकी शहर के व्यस्त स्टेशन रोड इलाके में शुक्रवार देर शाम उस वक्त भारी अफरा-तफरी और दहशत फैल गई, जब एक मीट की दुकान में करीब 15 फीट लंबा विशालकाय अजगर घुस आया। बताया जा रहा है कि भारी-भरकम अजगर दुकान में बंधी बकरियों के पास पहुंच गया था और अपना निवाला बनाने की फिराक में था।
इससे पहले कि वह किसी बकरी को अपनी चपेट में लेता, दुकानदार की नजर अजगर पर पड़ गई। इसी दौरान सड़क से गुजर रहा शराब के नशे में धुत एक युवक सुरेश मौके पर पहुंच गया। इसके बाद जो खौफनाक मंजर सामने आया, उसने वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए।
अजगर ने युवक की हथेली में काटा
अजगर को देखते ही सुरेश बिना किसी डर के सीधे उसके करीब पहुंच गया और अपनी जान की परवाह किए बिना अजगर को हाथ से पकड़ लिया। खुद को छुड़ाने के लिए भारी-भरकम अजगर युवक के हाथ से लिपट गया और कसने लगा। इसी दौरान अजगर ने युवक की हथेली में एक-दो जगह काट भी लिया।
हालांकि अजगर विषैला नहीं होता, इसलिए उसके काटने से युवक को जहर का खतरा नहीं था। इसके बावजूद नशे में धुत युवक जरा भी नहीं घबराया। उसने करीब 15 फीट लंबे उस भारी अजगर को अपने दोनों कंधों और गले में माला की तरह लपेट लिया और सरेआम उससे खेलने लगा।
युवक की इस हैरतअंगेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली हरकत को देखकर मौके पर लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। राहगीर और स्थानीय दुकानदार अपनी सांसें थामे खड़े रहे और इस पूरे सनसनीखेज वाकये को देखते रहे।
काफी देर तक अजगर के साथ यह खतरनाक खेल करने के बाद युवक ने उसे एक बड़े डिब्बे में सुरक्षित बंद किया और ले जाकर दूर नाले में छोड़ दिया। छोड़ते समय अजगर गुस्से में करीब तीन फीट तक फन उठाकर खड़ा हो गया। कुछ देर रुकने के बाद वह नाले की ओर चला गया, तब जाकर स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली।
बता दें कि अजगर खतरनाक नहीं होते, वह इंसानों से दूर ही रहते हैं। उनमें जहर भी नहीं होता लेकिन वह अपने शिकार को जकड़कर मार सकते हैं। अजगर के जकड़ने से शिकार का दम घुट जाता है या फिर उसकी हड्डियां टूट जाती हैं।
इससे पहले बिजनौर में भी एक अजगर से जुड़ी खबर सामने आई थी। अजगर ने वन विभाग की टीम पर हमला बोला था। (रिपोर्ट- दीपक निर्भय)
ये भी पढ़ें-
उत्तर प्रदेश में कांवड़ मार्ग पर निकला 10 फीट लंबा अजगर, यात्रियों में मचा हड़कंप, देखें VIDEO