1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उत्तर प्रदेश में कांवड़ मार्ग पर निकला 10 फीट लंबा अजगर, यात्रियों में मचा हड़कंप, देखें VIDEO

उत्तर प्रदेश में कांवड़ मार्ग पर निकला 10 फीट लंबा अजगर, यात्रियों में मचा हड़कंप, देखें VIDEO

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Aug 02, 2026 08:13 pm IST,  Updated : Aug 02, 2026 08:15 pm IST

यूपी के मुजफ्फरनगर में एक 10 फीट लंबा अजगर देखकर कांवड़ यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अजगर को देखा जा सकता है।

python- India TV Hindi
कांवड़ मार्ग पर निकला 10 फीट लंबा अजगर Image Source : REPORTER INPUT

मुजफ्फरनगर: सावन माह में कांवड़ यात्रा के बीच मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर अचानक 10 फीट लंबा अजगर निकलने से अफरा-तफरी मच गई। विशालकाय अजगर को सड़क पर देख कांवड़ यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए यात्रा रोकनी पड़ी।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला खतौली क्षेत्र के चतसेना रोड, रामपुर कांवड़ पटरी मार्ग का है। बताया जा रहा है कि देर रात कांवड़ यात्री गंगनहर पटरी मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खेत से निकलकर एक विशाल अजगर सीधे कांवड़ मार्ग पर आ गया। रात के अंधेरे में सड़क पर इतना बड़ा अजगर देखकर यात्री घबरा गए और शोर मचाने लगे।

सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान पहुंचे। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। इन दिनों बरसात के मौसम में उमस और गर्मी के कारण सांप और अजगरों का जमीन के नीचे बने बिलों से बाहर निकलकर सड़कों पर आना आम बात हो गई है। भारी बारिश के चलते उनके बिलों में पानी भर जाता है, जिससे वे सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी और सड़कों की ओर आ जाते हैं।

सिपाही ने अजगर को काबू में किया

मौके पर मौजूद एक ट्रैफिक पुलिस के सिपाही ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए उसने बिना देर किए अजगर को पकड़ने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद सिपाही ने अजगर को काबू में कर लिया और उसे एक बोरे (कट्टे) में बंद कर दिया।

कुछ ही देर में वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने पुलिस से अजगर को अपने कब्जे में लिया। वन विभाग की टीम ने अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे आबादी से दूर घने जंगल में छोड़ दिया। वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से कांवड़ यात्रियों ने राहत की सांस ली।

अजगर के जंगल में छोड़े जाने के बाद कांवड़ मार्ग पर यातायात और यात्रा फिर से सामान्य हो गई। हालांकि ये मामला काफी चर्चा में रहा और लोग अजगर को लेकर तमाम बातें करते दिखे। 

इससे पहला एक वीडियो सामने आया था, जिसमें 18 फीट लंबे अजगर ने वन विभाग की टीम पर हमला बोला था और लोग एक-दूसरे पर गिरते पड़ते भागते दिखे थे। (रिपोर्ट- योगेश त्यागी)

ये भी पढ़ें- 

भयंकर दृश्य! गोपालगंज में दर्जनों अंडों पर बैठा मिला विशालकाय अजगर, कांप उठा पूरा इलाका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।