उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के गंगानगर जोन के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित बरईपुर रामनगर गांव में जमीन के नीचे दबाकर रखे गए करोड़ों रुपये के मामले में बड़ी जानकारी सामने आई है। 28 अक्टूबर को जमीन के नीचे दबे मिले तीन नीले ड्रमों से बरामद नकदी की गिनती इनकम टैक्स विभाग की टीम ने पूरी कर ली है। गिनती में कुल 3 करोड़ 20 लाख 93 हजार रुपये की नकदी मिली है।
नकदी की गिनती पूरी होने के बाद भी मौके पर इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई जारी है। जिस घर में तीन ड्रमों में भरकर रुपये जमीन के नीचे छिपाए गए थे, वहां अब भी खुदाई कराई जा रही है। नकदी छिपे होने की आशंका को देखते हुए मजदूरों से घर के कमरों और आंगन में खुदाई कराई जा रही है।
कहां से आई इतनी बड़ी रकम?
मामले की जांच के लिए इनकम टैक्स विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। घर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं, ताकि पूरी कार्रवाई पर नजर रखी जा सके। वहीं, घर में रहने वाले राजेश और राकेश यादव से पूछताछ की जा रही है।फिलहाल, आयकर विभाग की टीम इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे जमीन के नीचे ड्रमों में छिपाकर क्यों रखा गया था। घर में जारी खुदाई और पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
मकान की खुदाई में निकला 100 साल पुराना खजाना
वहीं, मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के भानपुरा थाना क्षेत्र के बरखेड़ी गांव में मकान निर्माण के लिए नींव की खुदाई के दौरान 100 साल से अधिक पुराने 700 से ज्यादा चांदी के सिक्के मिलने का मामला सामने आया था। ये सिक्के अंग्रेजी शासनकाल के हैं और इन पर 1904 के आसपास के निशान हैं। सिक्के मिलने के बाद मकान मालिक, मजदूर और अन्य लोगों ने आपस में बांट लिए और मामले को दबाने का प्रयास किया। बाद में सिक्कों की संख्या को लेकर विवाद हुआ, जिसकी सूचना पुलिस तक पहुंची। ग्राम चौकीदार से जानकारी मिलने के बाद भानपुरा पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मकान मालिक प्रेमसिंह पिता देवीसिंह भाटी, मजदूर जीतमल बैरागी और दो नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अब तक 144 चांदी के सिक्के और 2 लाख 38 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, चांदी की शुद्धता के आधार पर एक सिक्के की कीमत करीब 4 हजार रुपये तक हो सकती है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खुदाई में कुल कितने सिक्के मिले थे और बाकी सिक्के किन लोगों के पास हैं। साथ ही, बरामद सिक्कों की ऐतिहासिक और वास्तविक कीमत का आकलन भी किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
नोएडा में पुलिस एनकाउंटर के दौरान रणदीप भाटी गैंग का इनामी शूटर ढेर, 2 पुलिसकर्मी घायल