1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मथुरा में रूफटॉप रेस्टोरेंट बना विवाद का अड्डा! शराब के नशे में जमकर मारपीट, महिला का सिर फूटा

मथुरा में रूफटॉप रेस्टोरेंट बना विवाद का अड्डा! शराब के नशे में जमकर मारपीट, महिला का सिर फूटा

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Nov 01, 2026 02:17 pm IST,  Updated : Nov 01, 2026 02:17 pm IST

मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे स्थित एक रूफटॉप रेस्टोरेंट में गाड़ी टकराने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

Violence on Roof Top Restaurant- India TV Hindi
रूफटॉप रेस्टोरेंट पर हुआ विवाद Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मथुरा में रूफटॉप रेस्टोरेंट और बार का बढ़ता चलन अब विवाद और मारपीट की घटनाओं को लेकर चर्चा में आने लगा है। दिल्ली-आगरा हाईवे पर संचालित रूफटॉप रेस्टोरेंट में शराब के नशे में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाड़ी टकराने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान एक महिला का सिर फूट गया, जबकि कई अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है।

क्या है पूरा मामला?

ताजा मामला थाना क्षेत्र की कृष्णानगर पुलिस चौकी के अंतर्गत दिल्ली-आगरा हाईवे स्थित एक रेस्टोरेंट से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, यहां आए लोगों के बीच किसी वाहन के टकराने को लेकर विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लोग आमने-सामने आ गए। आरोप है कि शराब के नशे में धुत लोगों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक विवाद के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट इतनी बढ़ गई कि एक महिला के सिर में गंभीर चोट लग गई और उसका सिर फूट गया। घटना में कई अन्य लोगों के भी घायल होने की बात सामने आई है। हाईवे पर स्थित प्रतिष्ठानों के आसपास अचानक हुए इस हंगामे से वहां मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई।

पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कृष्णानगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही झगड़े में शामिल लोग वहां से फरार हो चुके थे। इसके चलते पुलिस को मौके पर कोई आरोपी नहीं मिल सका। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटाने और पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।

इस घटना ने दिल्ली-आगरा हाईवे पर संचालित रूफटॉप रेस्टोरेंट और बार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि देर रात तक संचालित होने वाले ऐसे रेस्टोरेंट में शराब के सेवन के बाद होने वाले विवादों को रोकने के लिए क्या पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं? ग्राहकों की सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था और प्रतिष्ठानों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी किसकी है?

सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

मथुरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन होता है। ऐसे में सार्वजनिक स्थलों और हाईवे किनारे संचालित होने वाले प्रतिष्ठानों में सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखना बेहद जरूरी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि पुलिस को ऐसे प्रतिष्ठानों की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखनी चाहिए, ताकि शराब के नशे में होने वाले विवाद किसी बड़ी घटना का रूप न ले सकें।

फिलहाल इस घटना ने रूफटॉप रेस्टोरेंट और बार की सुरक्षा व्यवस्था तथा पुलिस निगरानी को लेकर बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

मथुरा से मोहन श्याम शर्मा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

चिकन खाने के बाद एक ही परिवार के तीन बच्चों की बिगड़ी तबीयत, 7 साल के मासूम की हुई मौत

कानपुर में खाकी पर किन्नरों का कहर, निर्वस्त्र होकर पीटा, छाती पर मारी लात; वीडियो वायरल होने पर मुकदमा दर्ज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।