1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. DDU जंक्शन पर बैग में मिले 43 लाख रुपये, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रहा था युवक

DDU जंक्शन पर बैग में मिले 43 लाख रुपये, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रहा था युवक

चंदौली के DDU जंक्शन पर GRP और RPF की संयुक्त चेकिंग के दौरान संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से 43 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। यह रकम 500, 200 और 100 रुपये के नोटों की गड्डियों में एक युवक के पिट्ठू बैग में रखी थी।

DDU जंक्शन- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT DDU जंक्शन पर बैग में मिले 43 लाख रुपये

चंदौली के DDU जंक्शन पर रात की रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर एक ऐसे बैग पर पड़ी, जिसने पूरी कार्रवाई को बड़ी बरामदगी में बदल दिया। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सफर कर रहे एक युवक के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई तो उसके अंदर नोटों की गड्डियां देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। बैग से 43 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है। इतनी बड़ी रकम के संबंध में युवक कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।

मामला DDU जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 का है। GRP और RPF की संयुक्त टीम रात के समय पटना से नई दिल्ली जा रही संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान जनरल कोच में एक युवक पुलिस टीम को संदिग्ध लगा। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके बैग की जांच की।

43 लाख रुपये की नकदी सीज

बैग खुलते ही उसमें 500, 200 और 100 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं। पुलिस ने नकदी को गिनवाया तो कुल रकम 43 लाख रुपये निकली। इसके बाद युवक से इतनी बड़ी रकम अपने साथ लेकर चलने का कारण पूछा गया और उससे संबंधित कागजात मांगे गए। हालांकि, वह रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। मामला सामने आने के बाद GRP ने तत्काल आयकर विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बरामद नकदी को सीज कर लिया। अब रकम के स्रोत और इसे लेकर जाने के उद्देश्य की जांच की जा रही है।

पकड़े गए युवक का ताल्लुक मुजफ्फरपुर जिले से

पुलिस के अनुसार पकड़ा गया युवक बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान युवक ने रकम के बारे में जो जानकारी दी, उसके आधार पर पुलिस को इसके हवाला से जुड़े होने का संदेह है। हालांकि, रकम के वास्तविक स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। CO GRP कुंवर प्रभात सिंह के मुताबिक, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस पटना से नई दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान DDU जंक्शन पर नियमित चेकिंग के दौरान युवक के बैग से 43 लाख रुपये बरामद हुए। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

(रिपोर्ट: संतोष कुमार)

यह भी पढ़ें:

शाहजहांपुर में 2 साधुओं का मर्डर! शिव मंदिर में जलाई जा रही थीं लाशें, धुआं उठता देख दौड़े गांव वाले

कसाई ने महिला की गला रेतकर की हत्या, शव को टुकड़ों में काटकर नहर में फेंका; टैटू से हुई पहचान