A
Hindi News उत्तर प्रदेश अयोध्या में 80 साल की बुजुर्ग को सड़क पर फेंका, घरवाले रात 2 बजे ई-रिक्शा से लाए, हुई मौत

अयोध्या में 80 साल की बुजुर्ग को सड़क पर फेंका, घरवाले रात 2 बजे ई-रिक्शा से लाए, हुई मौत

बुजुर्ग महिला की गर्दन में गंभीर चोटें आई थीं और हो सकता है कि वह कैंसर से पीड़ित थी। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें दो महिलाएं और एक पुरुष बुजुर्ग महिला को ई-रिक्शा से उतारकर वहां से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi Image Source : AI SORA प्रतीकात्मक तस्वीर

यूपी के अयोध्या से मानवता को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। जिस 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को परिजन बुधवार देर रात सड़क किनारे छोड़ गए थे, उसकी आज इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज के निकट हुई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें दो महिलाएं और एक पुरुष बुजुर्ग महिला को ई-रिक्शा से उतारकर वहां से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बुधवार रात करीब 2 बजे एक युवक और दो महिलाएं ई-रिक्शा से बुजुर्ग महिला को लेकर पहुंचीं। बुजुर्ग को हाथ से उठाकर सड़क किनारे लिटा दिया।

महिला की गर्दन में आई थीं गंभीर चोटें 

पुलिस के अनुसार, उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन अंधेरे के कारण उन लोगों की पहचान नहीं हो पाई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मृतक महिला की पहचान करने के प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि महिला की गर्दन में गंभीर चोटें आई थीं और हो सकता है कि वह कैंसर से पीड़ित हो। अयोध्या के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नगर) सी. पी. त्रिपाठी ने कहा, “अब तक की जांच में पता चला है कि बुजुर्ग महिला को उसके रिश्तेदार देर रात ई-रिक्शा में लाए थे, और फिर उसे सड़क किनारे छोड़कर चले गए। सूचना मिलने के बाद, पुलिस महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गई, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।”

CCTV फुटेज के जरिए की जा रही दोषियों की पहचान

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि बुजुर्ग महिला को ई-रिक्शा में लाकर सड़क किनारे छोड़ दिया गया। ई-रिक्शा में सवार लोग उसके ऊपर कंबल डालकर तुरंत वहां से चले गए। त्रिपाठी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारी ने कहा कि पुलिस निगरानी फुटेज की मदद से परिवार की तलाश कर रही है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

हाथरस: स्कूल में कीटनाशक दवा के छिड़काव से बड़ा हादसा, आधा दर्जन बच्चों की तबीयत बिगड़ी, हालत गंभीर