उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक स्कूल में कीटनाशक छिड़काव के दौरान लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां बच्चों की मौजूदगी में ही स्कूल परिसर में कीटनाशक का छिड़काव कर दिया गया। कई बच्चे कीटनाशक के संपर्क में आ गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई। कम से कम आधा दर्जन छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ी है। इन सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मच्छरों की रोकथाम के लिए स्कूल में कीटनाशक का छिड़काव कराया गया था, लेकिन इस दौरान सावधानी नहीं रखी गई। इसी वजह से यह हादसा हुआ है।
मामला हाथरस के बलवंत सिंह सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल का है। इस घटना को लेकर फिलहाल स्कूल की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। अस्पताल में भर्ती छात्र-छात्राओं को सांस लेने में परेशानी हो रही है। उन्हें ऑक्सीजन मास्क लगाया गया है।
परिजनों ने क्या कहा?
बलवंत सिंह सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक लड़की कीटनाशक के संपर्क में आई थी। तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल भिजवाया गया और परिजनों की सूचना दी गई। लड़की के भाई ने बताया कि सात-आठ बच्चों की तबीयत बिगड़ी है। लड़की की तबीयत बिगड़ने पर स्कूल की तरफ से उन्हें सूचना दी गई थी। हालांकि, अस्पताल में इलाज के बाद लड़की को होश आ चुका है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
अभिभावकों में नाराजगी
इस घटना के बाद अभिभावकों में आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कीटनाशक दवा के छिड़काव के तुरंत बाद कक्षाएं शुरू करना बच्चों की सेहत के साथ खिलवाड़ है। प्रशासनिक जांच की मांग भी की जा रही है कि आखिर बिना पर्याप्त वेंटिलेशन और सुरक्षा उपायों के छिड़काव के बाद छात्रों को क्यों कक्षाओं में बैठाया गया।
(हाथरस से रवि चौधरी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
कांवड़ में 101 लीटर जल लेकर मेरठ पहुंचा शाकिर, परिजनों ने पीटा तो कहा- 'मैं हिंदू धर्म अपना लूंगा'