1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में दिखी सच्चे प्यार की मिसाल, बीमार पत्नी की मौत से सदमे में आए पति ने भी तोड़ा दम, एक साथ उठी अर्थी

यूपी में दिखी सच्चे प्यार की मिसाल, बीमार पत्नी की मौत से सदमे में आए पति ने भी तोड़ा दम, एक साथ उठी अर्थी

यूपी के औरैया में पत्नी की मौत से दुखी पति ने भी दम तोड़ दिया। अंतिम संस्कार से पहले पत्नी की मांग में सिंदूर भरते समय पति को हार्ट अटैक आया और उनकी जान चली गई।

Auraiya- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पति-पत्नी और उनकी अर्थी

औरेया: यूपी के औरैया से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिससे पति-पत्नी के प्रेम पर नई चर्चा शुरू हो गई है। दरअसल बेवफाई और कपल्स के बीच आए दिन हो रहे हत्याकांडों के बीच औरैया से पति-पत्नी के प्रेम की मिसाल सामने आई है। यहां एक पति अपनी पत्नी से इतना प्रेम करता था कि पत्नी की मौत के बाद सदमे में पति की भी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?

मामला दिबियापुर थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव का है। औरैया में एक पति और पत्नी की एक साथ अर्थी उठी तो गांव में मातम पसर गया। बीमारी से पीड़ित पत्नी की मौत के सदमे में पति ने भी दम तोड़ दिया। अंतिम संस्कार से पहले पत्नी की मांग में सिंदूर भरते समय पति की तबीयत बिगड़ी थी। 

हार्ट अटैक आने से पति की भी मौके पर मौत हो गई। दंपति के निधन से दो बेटों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने परिवार को आर्थिक सहायता व सरकारी मदद दिलाने की मांग की है।

बता दें कि पिंकी 14 साल से टीवी की बीमारी से जूझ रही थी, उनका इलाज कानपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, शाम को तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उनका निधन हो गया। पत्नी की मौत के सदमे में पति श्याम दास पूरी रात बेसुध रहे, आज सुबह उनकी भी मौत हो गई। दोनों के दो बेटे हैं जिनमें एक 9 साल और एक 7 साल का है। माता पिता दोनों के निधन के बाद दोनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया हैं।

कपल्स के बीच नफरत की खबरों की भी भरमार

गौरतलब है कि आए दिन कपल्स के बीच हुए विवाद, धोखे और अपराधों की खबरें सामने आती रहती हैं। हालही में एक घटना मेरठ से सामने आई थी, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। इस घटना के बारे में मेरठ एसएसपी अविनाश पांडे ने जानकारी दी थी और बताया था कि दामिनी नाम की महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति अतुल को मौत के घाट उतारा था। इस बात का खुलासा तब हुआ, जब दोनों के फोन की जांच हुई। फोन में डिब्बे में बंद सांप का फोटो मिला। पत्नी और उसके प्रेमी ने कबूला कि उन्होंने किसी सपेरे से सांप खरीदा था और दोनों ने मिलकर अतुल की हत्या की साजिश रची थी।

इससे पहले बागपत से खबर सामने आई थी कि प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति को जिंदा जलाया। इस घटना ने सभी को झकझोरकर रख दिया था। (रिपोर्ट- दीपेन्द्र सिंह)

ये भी पढ़ें- 

अयोध्या में रिश्तों का कत्ल, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उतारा पति को मौत के घाट