बागपत जिले के बिनौली क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बिजवाड़ा गांव में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर साजिश रचकर पति को आग के हवाले करने का आरोप लगा है। युवक की हालत नाजुक होने के कारण उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिवार के मुताबिक, घायल युवक विक्रांत को काफी समय से अपनी पत्नी और पड़ोस में रहने वाले एक युवक के बीच कथित संबंधों को लेकर आपत्ति थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। परिजनों का दावा है कि घटना वाले दिन पहले विक्रांत को खाने में नशीला पदार्थ दिया गया। इसके बाद जब वह बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंच गया तो उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आग लगते ही विक्रांत चीखता-चिल्लाता घर से बाहर निकल आया, लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की।
पत्नी और कथित प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रत्यदर्शियों के अनुसार, वह जलती हालत में गली तक दौड़ा, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना के बाद विक्रांत को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, परिवार ने आरोप लगाया है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और कुछ लोगों पर दबाव भी बनाया जा रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद बिजवाड़ा गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। ग्रामीणों के बीच इस मामले को लेकर भारी नाराजगी है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
(रिपोर्ट: पारस जैन)
यह भी पढ़ें:
लखनऊ के चौराहों पर लगे पोस्टरों से मचा सियासी घमासान, अखिलेश यादव पर लगाए गए गंभीर आरोप